बिहार में आंधी-तूफान का कहर: पटना में दीवार गिरी, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित…

बिहार में आंधी-तूफान का कहर: पटना में दीवार गिरी, कई जिलों में जनजीवन प्रभावित…

बिहार(BIHAR): बिहार में बुधवार को आए तेज आंधी-तूफान ने जमकर कहर बरपाया। राजधानी पटना समेत कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया।
पटना के दानापुर स्थित रुकनपुरा इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की छठी मंजिल से दीवार गिरने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए पारस अस्पताल और होली फैमिली अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं बाढ़ अनुमंडल के सालिमपुर थाना क्षेत्र में तेज आंधी के कारण एक मैरेज हॉल की दीवार गिर गई, जिससे वहां खड़ी दो गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
आंधी का असर रेल परिचालन पर भी पड़ा। रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास एक विशाल पेड़ रेल ट्रैक पर गिर गया, जिससे अप लाइन बाधित हो गई और ट्रेनों की आवाजाही थम गई। हालांकि, किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

बक्सर में ई-रिक्शा पर पेड़ गिरने से छह लोग बाल-बाल बच गए, जबकि मोतिहारी में गांजा गद्दी चौक पर वर्षों पुराना बरगद का पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया।
मौसम के इस बदलाव का असर पूरे राज्य में देखने को मिला। जमुई, सीवान, भोजपुर और बगहा समेत करीब 20 जिलों में तेज बारिश और धूल भरी आंधी चली। कई जगहों पर शाम होते-होते अंधेरा छा गया और जलजमाव की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि राज्य में 3 मई तक आंधी-बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *