धनबाद(DHANBAD ):धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र अंतर्गत सिनीडीह लफड़ा मोड़ के समीप शुक्रवार को तीन मकानों में अचानक दरार पड़ने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह लोगों ने मकानों से चरचराहट की आवाज सुनी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते तीन मकानों की दीवारों एवं फर्श में दरारें दिखाई देने लगीं। घटना की सूचना फैलते ही क्षेत्र में भय का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में टांडबारी क्षेत्र में हुए भू-धसान और तीन लोगों की मौत की घटना के बाद लोग पहले से ही सहमे हुए हैं। ऐसे में मकानों में दरार पड़ने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से तत्काल जांच कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। वहीं लोग किसी बड़े हादसे की आशंका से डरे हुए हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से सौरभ की रिपोर्ट
