बाघमारा (DHANBAD): धनबाद जिले के बाघमारा अंचल अंतर्गत ठंडाबाड़ी बस्ती में बीते दिनों हुए भीषण भू-धसान के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मंगलवार को निरसा विधायक अरूप चटर्जी और धनबाद के पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने संयुक्त रूप से प्रभावित स्थल का दौरा किया।
दौरे के दौरान दोनों नेताओं ने भू-धसान से हुए नुकसान का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। विधायक अरूप चटर्जी ने पीड़ितों को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि वे इस गंभीर मुद्दे को प्रशासन और संबंधित विभाग के समक्ष उठाएंगे ताकि प्रभावितों को उचित मुआवजा और सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास मिल सके।
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए त्वरित कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने नेताओं को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और बताया कि किस तरह वे हर पल डर के साये में जीने को मजबूर हैं।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। नेताओं के इस दौरे से पीड़ित परिवारों में जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

