बहाली की खबर पर खुश कर्मियों ने कहा पहले हक हमारा…

बहाली की खबर पर खुश कर्मियों ने कहा पहले हक हमारा…

राँची(RANCHI): झारखंड ऊर्जा विकास निगम में नई बहाली की खबर ने वर्षों से उम्मीद के सहारे काम कर रहे मानव दिवस कर्मियों के दिलों में फिर से आस जगा दी है। गुरुवार को झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ की अहम बैठक गूगल मीट के जरिये हुई, जहां कर्मचारियों के भविष्य और अधिकारों को लेकर लंबी चर्चा हुई। बैठक में एक स्वर में मांग उठी कि जो सालों से विभाग को अपनी मेहनत दे रहे हैं, बहाली में पहला हक उन्हीं का होना चाहिये। श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने निगम द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किये जाने के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह कदम बेरोजगार युवाओं और लंबे समय से काम कर रहे मानव दिवस कर्मियों के लिये उम्मीद की नई किरण है। उन्होंने अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक को धन्यवाद देते हुये कहा कि निगम को उन कर्मियों के हितों का भी ध्यान रखना चाहिये, जिन्होंने वर्षों तक कम संसाधनों में विभाग का काम संभाला है। बैठक में संघ ने कई अहम मांगें रखीं। कहा गया कि वर्ष 2016 और 2017 की बहाली की तरह इस बार भी मानव दिवस कर्मियों को प्राथमिकता दी जाये और उन्हें अधिकतम 5 वर्ष की आयु सीमा में छूट मिले। संघ ने यह भी मांग की कि वर्ष 2014 में तैयार मानव दिवस कर्मियों की सूची को आधार माना जाये और लंबे समय से कार्यरत कर्मियों के अनुभव को बहाली में महत्व दिया जाये। बैठक में मौजूदा एजेंसी सिस्टम को लेकर भी नाराजगी खुलकर सामने आई। कर्मचारियों ने कहा कि एजेंसी व्यवस्था के कारण मजदूरों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और निगम पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। संघ ने मांग की कि पुरानी प्रत्यक्ष व्यवस्था फिर से लागू की जाये। अगर ऐसा संभव नहीं हो, तो पूरे राज्य में एकल एजेंसी व्यवस्था लागू कर JAP-IT को अधिकृत नियोक्ता बनाया जाये। बैठक में उन दैनिक वेतनभोगी कर्मियों का मुद्दा भी उठा, जिनकी ड्यूटी के दौरान मौत हो चुकी है। संघ ने कहा कि उनके आश्रित आज भी नौकरी के लिये भटक रहे हैं। अजय राय ने कहा कि ऐसे परिवारों के लिये संवेदनशील नीति बननी चाहिये, ताकि मृत कर्मियों के आश्रितों को रोजगार मिल सके।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *