भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एक अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार को कोलकाता हवाई अड्डे पर खराब मौसम के दौरान खड़े इंडिगो के एक विमान पर बिजली गिर गई। यह घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में तेज आंधी, तूफान और बारिश का दौर जारी था। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए हवाई अड्डा संचालन नियंत्रण केंद्र (AOCC) ने पहले ही मौसम संबंधी चेतावनी जारी कर दी थी। घटना के बाद विमान की जांच की गई और संबंधित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया गया।
सभी यात्री सुरक्षित उतरे
उन्होंने आगे बताया कि इस घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) का विमान एयरोब्रिज 56L पर खड़ा था, तभी बिजली गिरी। अधिकारी ने बताया कि एहतियात के तौर पर एयरलाइन ने यात्रियों को विमान से उतार दिया, जो बाद में दूसरे विमान (वीटी-आईसीडी) से रवाना हो गए। जब A320 विमान पर बिजली गिरी, तो उसमें 141 यात्री और छह क्रू सदस्य सवार थे।
ग्राउंड स्टाफ को लगी मामूली चोट
इंडिगो के अनुसार, दो ग्राउंड स्टाफ मामूली रूप से प्रभावित हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अधिकारी ने बताया कि बाद में उनकी हालत सामान्य हो गई। आपको बता दें कि कोलकाता और आसपास के जिलों में शुक्रवार सुबह से ही आंधी-तूफान और बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव हो गया है और यातायात बाधित हो गया है।

