प्रिंस खान गैंग पर कसा शिकंजा: ‘मेजर’ फिर 3 दिन के रिमांड पर, बड़े खुलासों के संकेत…

प्रिंस खान गैंग पर कसा शिकंजा: ‘मेजर’ फिर 3 दिन के रिमांड पर, बड़े खुलासों के संकेत…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद पुलिस ने वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी अब्बास उर्फ ‘मेजर’ को एक बार फिर 3 दिनों के रिमांड पर लिया है। इससे पहले भी पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर चुकी है। लगातार दूसरी बार रिमांड मिलने के बाद अब पुलिस उससे और गहराई से पूछताछ में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ‘मेजर’ ने गैंग से जुड़े कई अहम राज खोले हैं। उसने प्रिंस खान गैंग के स्लीपर सेल, सफेदपोश सहयोगियों और अन्य शागिर्दों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी है। इस मामले में अब तक चार आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है।

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि एक विशेष टीम गुप्त स्थान पर ‘मेजर’ से पूछताछ कर रही है। उन्होंने कहा कि शहर में अब तक हुई आपराधिक घटनाओं में उसकी भूमिका, उसके नेटवर्क और सहयोगियों की परत-दर-परत जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि किन लोगों ने निजी स्वार्थ के लिए इस गैंग का साथ दिया।

बताया जा रहा है कि ‘मेजर’ को 19 अप्रैल को नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा से गिरफ्तार किया गया था, जब वह दुबई से लौटने के बाद फरार होने की कोशिश कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी में इंटरपोल की भी मदद ली गई थी।

धनबाद जिले में उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और रंगदारी जैसे करीब 15 मामले दर्ज हैं, जबकि 25 से अधिक मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि इस रिमांड के दौरान कई बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे गैंग के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश संभव है।

NEWSANP के लिए धनबाद से राणा प्रताप की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *