प्रधानमंत्री मोदी को ऑस्ट्रेलिया दौरे से पहले जान से मारने की धमकी मिली है। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं. जानकारी के मुताबिक, यह धमकी मेलबर्न में आयोजित होने वाले ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ कार्यक्रम के प्रचार से जुड़े एक सोशल मीडिया पोस्ट पर दी गई। घटना सामने आने के बाद ऑस्ट्रेलिया की फेडरल पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है और मामले की पड़ताल की जा रही है।
द ऑस्ट्रेलिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेलबर्न पहुंचने के बाद 9 जुलाई को स्थानीय मार्वल स्टेडियम में ‘मेलबर्न मीट्स मोदी’ के नाम से एक कम्युनिटी प्रोग्राम का आयोजन किया जाने वाला है. जिसके प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पोस्ट शेयर किए गए हैं. इसी दौरान फेसबुक प्लेटफॉर्म पर शेयर किए गए पोस्ट के कमेंट बॉक्स में एक ऐसा कमेंट सामने आया, जिसने दोनों देशों के सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए.
रिपोर्ट के मुताबिक, पोस्ट के कमेंट बॉक्स में अबू मुस्तफा के नाम से एक टिप्पणी की गई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी ऑस्ट्रेलिया यात्रा पर मारने की धमकी दी गई. कमेंट में लिखा था, ‘कार्यक्रम के दौरान स्टेडियम की छत को बंद कर देना चाहिए, नहीं तो वो ऑस्ट्रेलिया में अपनी मौत के लिए आएगा.’
मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से द ऑस्ट्रेलिया टुडे ने रिपोर्ट में बताया कि जांचकर्ताओं ने फेसबुक पोस्ट पर कमेंट करने वाले शख्स के आईपी एड्रेस को ढूंढ निकाला है और अब यह जांच की जा रही है कि यह कमेंट किसने किया और इसके पीछे उस व्यक्ति का मकसद क्या था? इसके अलावा, इस बात की भी तफ्तीश की जा रही है कि क्या इस घटना के जरिए किसी आपराधिक कानून का भी उल्लंघन हुआ है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया में किसी भी देश के प्रमुख या राष्ट्राध्यक्ष की यात्रा के दौरान खतरा उत्पन्न करने की कोशिश को देश के लॉ इंफोर्समेंट एजेंसीज की तरफ से बेहद संजीदगी के साथ देखा जाता है और इसके खिलाफ गंभीर कार्रवाई भी का जाती है.

