प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया इंस्टाग्राम वीडियो संदेश को लेकर कांग्रेस ने उन पर हमला बोला है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने शनिवार (1 अगस्त) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री की आलोचना की।
जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कड़ी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री सार्वजनिक सभाओं और संसद में अपने विरोधियों को निशाना बनाते हैं और कई बार गलत बातें भी कहते हैं।
कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करते, जो संसद और बाहर गाली-गलौज की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। अपने पोस्ट में जयराम रमेश ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर खुद को पीड़ित के रूप में पेश करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के हालिया वीडियो संदेश पर सवाल उठाते हुए कई राजनीतिक आरोप लगाए।

फिलहाल, कांग्रेस के इन आरोपों पर प्रधानमंत्री कार्यालय या केंद्र सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कांग्रेस सांसद ने कहा कि आज पूरा देश इस बात का इंतजार कर रहा है कि प्रधानमंत्री NTA की पेपर लीक से ग्रस्त व्यवस्था के कारण लाखों युवाओं को हुई पीड़ा और छात्र आंदोलनों पर गृह मंत्रालय के संरक्षण में हुई बर्बर कार्रवाई के लिए माफी मांगें. उन्होंने आगे कहा कि पूरा देश राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा किए गए चंदा चोरी, आस्था धोखा प्रकरण पर भी प्रधानमंत्री से माफी की अपेक्षा कर रहा है.
कांग्रेस नेता ने पीएम मोदी को टारगेट करते हुए कहा कि राम मंदिर स्थापना की घोषणा उन्होंने स्वयं 5 फरवरी 2020 को लोकसभा में बड़े जोर-शोर से की थी. पूरा देश आज भी 8 नवंबर 2016 को लिए गए उनके तुगलकी फैसले के लिए उनकी माफ़ी का इंतजार कर रहा है, जिसने करोड़ों लोगों की रोजी-रोटी छीन ली और लाखों MSME बंद होने की कगार पर पहुंच गए.
जयराम रमेश ने कहा कि ऐसे मामलों की सूची बहुत लंबी है लेकिन बीती रात प्रधानमंत्री ने आत्ममुग्धता की पराकाष्ठा दिखाते हुए कहा कि उन्होंने हमारे युवाओं को माफ कर दिया है. यह देश और उन युवाओं का अपमान है, जिन्होंने उनकी सरकार के दौरान पीड़ा झेली है और जो पूरी तरह न्यायोचित रूप से उनसे माफी की मांग कर रहे हैं. उन्होंने आखिर में कहा कि प्रधानमंत्री की इंस्टाग्राम सभाएं अब किसी को बेवकूफ़ नहीं बना सकतीं.

