पाकिस्तान के आर्मी चीफ फील्ड मार्शल आसिम मुनीर सोमवार, 24 अगस्त को ईरान का दौरा करेंगे। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
ईरान के मुताबिक, मुनीर का यह दौरा क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बढ़ाने की कोशिशों का हिस्सा है। उनका दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव बना हुआ है और होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी विवाद चल रहा है।
ईरान-अमेरिका तनाव के बीच अहम दौरा
पाकिस्तान ने ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। पाकिस्तान की कोशिश दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष को खत्म कराने की है।
रॉयटर्स के मुताबिक, सूत्रों ने भी आसिम मुनीर के ईरान दौरे की पुष्टि की है। सूत्रों का कहना है कि ईरान और पाकिस्तान के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है और मुनीर की बातचीत में संघर्ष से जुड़े ताजा घटनाक्रम पर चर्चा हो सकती है।
ट्रंप की चेतावनी पर भी होगी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, आसिम मुनीर ईरानी नेताओं के साथ कई अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे। इनमें क्षेत्र में शांति, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की चेतावनी, पाकिस्तान-तुर्की-सऊदी अरब समझौते के बाद की स्थिति और हूती से जुड़ा मुद्दा शामिल है।
ईरान-अमेरिका तनाव बढ़ने के बीच दौरा
मुनीर का दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। ईरान ने अमेरिकी प्रतिबंधों के जवाब में सैन्य कार्रवाई की चेतावनी दी है।
अमेरिका भी ईरान पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रहा है। ट्रंप पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि जो देश ईरान की किसी भी तरह मदद करेगा, उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान की चेतावनी
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर भी स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ईरान ने चेतावनी दी है कि इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश करने वाले अनधिकृत तेल टैंकरों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
ईरान पहले से ही अमेरिकी प्रतिबंधों के दबाव में है। ऐसे में आसिम मुनीर की यात्रा को क्षेत्र में तनाव कम करने और बातचीत को आगे बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

