सिंदरी(SINDRI): सर्वप्रथम पत्रकार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए दिनांक 04/05/2025, सोमवार को रोड़ाबांध स्थित स्वाभिमानी संघर्ष स्थल चबुतरा पर एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष (पूर्व मध्य क्षेत्र) प्रशांत कुमार दुबे ने सर्वप्रथम श्री सोनु गिरी एवं विकास गिरी को शहरपुरा शिव मंदिर में शिवलिंग प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम को श्रद्धा, उत्साह एवं विधि-विधान से संपन्न कराने हेतु धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि धनबाद शाखा-2 का स्थानांतरण एक संकीर्ण स्थान पर किया जा रहा है, जिससे पॉलिसीधारकों को वाहन पार्किंग सहित कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। साथ ही अभिकर्ताओं, स्वतंत्र अभिकर्ताओं एवं मुख्य जीवन बीमा सलाहकारों को निगम द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप स्थान उपलब्ध नहीं कराए जाने की सूचना भी प्राप्त हुई है।उन्होंने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री देवी शंकर शुक्ला से चर्चा कर सिंदरी में सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ठोस पहल की जाएगी। मंडल अध्यक्ष सूर्यकांत सिंह, CLIA पदाधिकारियों तथा शाखा अध्यक्ष रविंद्र श्रीवास्तव के संयुक्त प्रयास से इस समस्या का सम्मानजनक समाधान किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे पुराने क्लब सदस्य अभिकर्ता, जिन्होंने 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, उन्हें लाइफ सर्टिफिकेट न देना पक्षपातपूर्ण एवं अपमानजनक व्यवहार है। यदि आगामी दो माह में समाधान नहीं हुआ तो संबंधित प्रबंधन के विरुद्ध स्थानीय न्यायालय में वाद दायर किया जाएगा।मंडल सचिव ओमेश्वर सिंह ने कहा कि युवाओं को निगम से जोड़ने की आवश्यकता है। साथ ही पॉलिसीधारकों को बेहतर बोनस, ऋण एवं लेट फीस पर ब्याज में राहत, संवर्धन स्वावलंबन राशि की वापसी, अभिकर्ताओं को पेंशन एवं विकलांगता हितलाभ जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया गया।
उन्होंने श्रीधर बनर्जी जैसे विकलांग अभिकर्ताओं की स्थिति का उल्लेख करते हुए मानवीय आधार पर सहायता की आवश्यकता जताई।उन्होंने बताया कि अभिकर्ताओं के हितों के लिए सुप्रीम कोर्ट में वाद दायर करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी संगठित संघर्ष जारी रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में जनजागरण अभियान को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम में अभिकर्ता प्रतिनिधियों ने प्रेस प्रतिनिधियों के लिए समुचित बीमा सुविधा उपलब्ध कराने तथा अभिकर्ताओं को पेंशन देने की मांग भी उठाई।इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रशांत कुमार दुबे, ओमेश्वर सिंह, संतोष चटर्जी, परेश चंद्र मंडल, राजेश प्रसाद, राजेश मंडल, विष्णु चंद्र दत्ता, मो. इकबाल, सुकेश गोराईं एवं उत्तम मंडल सहित कई अभिकर्ता उपस्थित रहे।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

