नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल घोटाले में बड़ी कार्रवाई, राजस्थान पुलिस ने चोपड़ा से तीन युवकों को किया गिरफ्तार

नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल घोटाले में बड़ी कार्रवाई, राजस्थान पुलिस ने चोपड़ा से तीन युवकों को किया गिरफ्तार

उत्तर दिनाजपुर/पश्चिम बंगाल: एक बार फिर साइबर ठगी के मामले में उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा का नाम सामने आया है। केंद्र सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल से छात्रों की छात्रवृत्ति राशि हड़पने के आरोप में राजस्थान पुलिस ने चोपड़ा से तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंसूर आलम, मुन्ना मुस्तफा और जुबेर आलम के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, तीनों के घर चोपड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर और दासपाड़ा इलाके में हैं।आरोप है कि राजस्थान के कई छात्रों के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल खातों में अवैध रूप से प्रवेश कर वहां जमा छात्रवृत्ति की राशि को अपने बैंक खातों में ट्रांसफर कर लिया गया। मामले की लंबी जांच के बाद राजस्थान पुलिस ने आरोपियों का सुराग लगाया और चोपड़ा में छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।बुधवार को गिरफ्तार युवकों को इस्लामपुर महकमा अदालत में पेश किया गया। राजस्थान पुलिस ने अदालत से ट्रांजिट रिमांड की मांग की है ताकि आरोपियों को पूछताछ के लिए राजस्थान ले जाया जा सके। जांच एजेंसियों का मानना है कि इस साइबर ठगी गिरोह में अन्य लोगों की भी संलिप्तता हो सकती है। इसी कड़ी में आरोपियों के मोबाइल फोन, बैंक खातों के लेन-देन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। गौरतलब है कि इससे पहले भी राज्य सरकार की ‘तरुणेर स्वप्न’ योजना में टैब वितरण से जुड़ी कथित धोखाधड़ी और आधार बायोमेट्रिक ठगी के मामलों में चोपड़ा का नाम चर्चा में रहा है। अब नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल से जुड़ी कथित ठगी के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

रिपोर्ट: अतीकुर रहमान | News ANP, पश्चिम बंगाल

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *