धनबाद: ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक के समीप एक दिवसीय चक्का जाम कर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान हाल ही में हुए नीट पेपर लीक मामले, विश्वविद्यालयों में लागू क्लस्टर सिस्टम, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और सीबीएसई में कथित धांधली को लेकर विरोध जताया गया। यह आंदोलन पूरे राज्य में आयोजित किया गया।
आइसा के प्रदेश संयुक्त सचिव रितेश मिश्रा ने कहा कि उनकी मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नई शिक्षा नीति और क्लस्टर सिस्टम के कारण छात्रों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्रों को 40 किलोमीटर दूर तक पढ़ाई के लिए कॉलेज जाना पड़ रहा है, जिससे गरीब और ग्रामीण छात्रों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। आइसा ने मांग की कि नीट समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए और पेपर लीक पर सख्त रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि क्लस्टर सिस्टम वापस नहीं लिया गया और शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

