नारा ब्राह्मणी को बड़ा सम्मान, Fortune India की 100 सबसे प्रभावशाली महिलाओं में मिली जगह

नारा ब्राह्मणी को बड़ा सम्मान, Fortune India की 100 सबसे प्रभावशाली महिलाओं में मिली जगह

हेरिटेज फूड्स की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नारा ब्राह्मणी को साल 2026 के लिए फॉर्च्यून इंडिया की 100 सबसे प्रभावशाली और शक्तिशाली महिलाओं की सूची में शामिल किया गया है। यह सम्मान उन्हें देश की अग्रणी महिला कारोबारी नेताओं में एक खास पहचान दिलाता है।

नारा ब्राह्मणी को फॉर्च्यून इंडिया के वार्षिक मोस्ट पावरफुल वुमेन (MPW) समिट में सम्मानित किया गया. इस दौरान उन्होंने रनिंग कंपनीज़ विद पर्पस सब्जेक्ट पर आयोजित चर्चा में हिस्सा लिया. उन्होंने भारत के डेयरी सेक्टर के भविष्य, किसानों की भूमिका और उद्योग के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार भी साझा किए.

यह सम्मान हेरिटेज फूड्स में उनके प्रभावी काम और डेयरी उद्योग को मजबूत बनाने के लिए किए गए कोशिशों को देखते हुए दिया गया है. नारा ब्राह्मणी ने किसानों की उत्पादकता बढ़ाने, पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने और डेयरी क्षेत्र में मांग और आपूर्ति के बीच मौजूद अंतर को कम करने के लिए कई पहल की हैं. उनके नेतृत्व में कंपनी ने डेयरी क्षेत्र में नई रणनीतियों और आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया है.

आंध्र प्रदेश के CM ने ब्राह्मणी को दी बधाई

इस उपलब्धि पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर लिखा कि ब्राह्मणी को फॉर्च्यून इंडिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं 2026 में शामिल होने पर बहुत-बहुत बधाई. यह प्रतिष्ठित पहचान उनकी लीडरशिप, लगन और बेहतरीन काम के प्रति उनके कमिटमेंट को दिखाती है. वह हमारे परिवार को गर्व महसूस कराती रहती हैं और अनगिनत युवा महिलाओं, खासकर हमारी तेलुगु बेटियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं. उनके लिए और भी कई उपलब्धियां हासिल करने और उनकी सभी कोशिशों में लगातार सफलता की कामना करता हूं.

कौन हैं नारा ब्राह्मणी?

नारा ब्राह्मणी का जन्म 21 दिसंबर 1986 को हुआ था. उनका संबंध आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के एक प्रसिद्ध राजनीतिक और फिल्मी परिवार से है. उनका होमटाउन हैदराबाद, तेलंगाना है. नारा ब्राह्मणी ने अपनी उच्च शिक्षा विदेश में हासिल की है.

उन्होंने सांता क्लारा यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की. यह पढ़ाई उन्होंने साल 2007 से 2009 के बीच पूरी की. इसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से साल 2011 से 2013 के बीच MBA की डिग्री हासिल की.

बता दें कि मई 2011 में नारा ब्राह्मणी को हैदराबाद स्थित हेरिटेज फूड्स (इंडिया) लिमिटेड में बिजनेस डेवलपमेंट की वाइस प्रेसिडेंट नियुक्त किया गया. यहां उन्होंने कंपनी के विस्तार और नई व्यावसायिक योजनाओं पर काम किया.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *