धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ ने तीन शराब तस्करों के साथ किया 24 लीटर बीयर जब्त…

धनबाद स्टेशन पर आरपीएफ ने तीन शराब तस्करों के साथ किया 24 लीटर बीयर जब्त…

धनबाद(DHANBAD): पूर्व मध्य रेल के धनबाद रेल मंडल के आरपीएफ पोस्ट ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद रेलवे स्टेशन से तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर की कुल 48 केन बरामद की गई हैं, जिनकी कुल मात्रा 24 लीटर और अनुमानित बाजार मूल्य 7,200 रुपये आंकी गई है। यह पूरी कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देशन और निरीक्षक प्रभारी के नेतृत्व में गठित स्पेशल टास्क टीम तथा सीआईबी धनबाद की संयुक्त गश्त के दौरान की गई।

धनबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या आठ पर कालका छोर के पास ब्रिज के सामने टीम गश्त पर थी। इसी दौरान तीन युवक एक स्काई ब्लू रंग का ट्रॉली बैग लेकर संदिग्ध अवस्था में जाते दिखे। बैग काफी वजनी प्रतीत होने पर टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग के भीतर दो कार्टूनों में पैक कुल 48 पीस बीयर बरामद हुई, जिस पर केवल झारखंड में बिक्री के लिए उपलब्ध होने की बात अंकित थी। शराब के संबंध में कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने और तस्करी की बात स्वीकार करने पर आरपीएफ ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अधिक मुनाफे के लालच में झारखंड से शराब खरीदकर बिहार ले जा रहे थे, जहां शराबबंदी के कारण इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी। गिरफ्तार तस्करों की पहचान सोनू कुमार (वैशाली), शिव शंकर कुमार उर्फ कुंदन कुमार (पटना) और नीरज कुमार (पटना) के रूप में हुई है। आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया और मामले की लिखित शिकायत उत्पाद निरीक्षक धनबाद को सौंपते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक पालिका मिंज, बबुलेश कुमार, सेतु कुमार सिंह, विवेक कुमार, फूलचंद महतो और अमित कुमार प्रसाद शामिल थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *