धनबाद सदर अस्पताल में अब आधुनिक दंत चिकित्सा की शुरुआत, महंगे निजी इलाज से मिलेगी राहत…

धनबाद सदर अस्पताल में अब आधुनिक दंत चिकित्सा की शुरुआत, महंगे निजी इलाज से मिलेगी राहत…

धनबाद(DHANBAD):धनबाद सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। अब यहां आधुनिक तकनीक से दांतों का इलाज शुरू किया जा रहा है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अस्पताल में इसके लिए अत्याधुनिक मशीनें भी पहुंच चुकी हैं और जल्द ही इनका नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, अब मरीजों को दांतों से जुड़ी समस्याओं के लिए निजी अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। सदर अस्पताल में ही उन्हें बेहतर और आधुनिक उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा ने बताया कि निजी अस्पतालों में दंत चिकित्सा काफी महंगी होती है, जिसके कारण गरीब और मध्यम वर्ग के लोग अक्सर इलाज नहीं करा पाते। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल में यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे हर वर्ग के मरीजों को लाभ मिलेगा।

डॉ. विश्वकर्मा ने आगे कहा कि आधुनिक मशीनों के आने से दांतों की जांच और इलाज अब पहले से अधिक सटीक और प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। इससे मरीजों को बेहतर इलाज के साथ-साथ समय की भी बचत होगी।

स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि इससे जिले के हजारों मरीजों को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।

अब देखना होगा कि यह नई व्यवस्था कितनी जल्दी पूरी तरह लागू होती है और मरीजों को इसका लाभ कब से मिलना शुरू होता है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *