ड्रंक एंड ड्राइव पर बड़ी कार्रवाई, 18 वाहन जब्त; 1956 वाहनों की हुई जांच
धनबाद(DHANBAD): वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर गुरुवार को पूरे जिले में व्यापक स्तर पर विशेष जांच और सघन अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना, सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाना, अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाना और फरार अपराधियों की धरपकड़ सुनिश्चित करना था। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने चौक-चौराहों, मैदानों, स्कूल परिसरों, पार्कों और सुनसान स्थानों पर विशेष निगरानी रखी। इस दौरान अड्डाबाजी करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हुए कुल 38 लोगों को पकड़ा गया। इन सभी को संबंधित थानों में लाकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले भर में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पुलिस ने वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संदिग्ध ठिकानों और अपराध प्रभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी ली। इसके अलावा होटल, लॉज और ढाबों में अवैध शराब की बिक्री और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जांच को लेकर विशेष दबिश दी गई। पुलिस टीमों ने होटल और ढाबा संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, अन्यथा उन पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर ट्रैफिक डीएसपी अरविंद सिंह के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ ब्रेथ एनालाइजर मशीन से की गई जांच के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के कुल 18 वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया।
वाहन जांच के दौरान हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन के दस्तावेजों के साथ-साथ सवार लोगों की पहचान का भी सत्यापन किया गया। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी और पूरे अभियान के दौरान कुल 1956 वाहनों की जांच की गई। कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आगे भी इसी तरह के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और जनता में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने का निर्देश दिया है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

