09 मई से 24 घंटे का आमरण अनशन, विधायक राज सिन्हा एवं व्यापारिक संगठनों की उच्च स्तरीय बैठक में हुआ निर्णय ..
धनबाद(DHANBAD): केंदुआडीह स्थित धनबाद–बोकारो मुख्य सड़क धंसान की घटना को 23-24 दिन बीत जाने के बावजूद जिला प्रशासन, बीसीसीएल प्रबंधन एवं पथ निर्माण विभाग की निष्क्रियता के खिलाफ अब जनाक्रोश विस्फोटक रूप लेता जा रहा है। क्षेत्र की जनता, व्यापारी वर्ग एवं सामाजिक संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।
झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा के साथ आज धनबाद जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभी पदाधिकारीयों ने बैठक कर उक्त धनबाद- बोकारो मुख्य सड़क के बंद रहने से व्यापारियों, आमलोगों, छात्रों, महिलाओं के समक्ष उत्पन्न संकट के निराकरण पे चर्चा की गई।केंदुआ पुल चैंबर, छाताटांड़ चैंबर, लोयाबाद चैंबर, पुटकी चैंबर, मटकुरिया चैंबर, बैंक मोड़ चैंबर एवं अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी संगठनों ने एक स्वर में आंदोलन को और तेज करने तथा “आर-पार की लड़ाई” लड़ने का संकल्प लिया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि अविलंब सड़क निर्माण, धंसान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं वैकल्पिक यातायात व्यवस्था पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आगामी 09 मई 2026 से 24 घंटे का आमरण अनशन प्रारंभ किया जाएगा। आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और अब यह केवल केंदुआडीह की नहीं बल्कि पूरे कोयलांचल के अस्तित्व एवं सुरक्षा की लड़ाई बन चुकी है।
झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि,
“जनता अब जिला प्रशासन और बीसीसीएल की लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यह आंदोलन जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार की लड़ाई है। यदि सरकार और प्रशासन अब भी नहीं चेते तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। 09 मई से शुरू होने वाला आमरण अनशन जनभावनाओं की निर्णायक अभिव्यक्ति होगा। जब तक सड़क निर्माण, पुनर्वास और स्थायी समाधान सुनिश्चित नहीं होता, तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा।”
अजय नारायण लाल, महासचिव, जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स का बयान:
“केंदुआडीह सड़क बंद होने से पूरे धनबाद के व्यापार, यातायात और आम जनजीवन पर गंभीर असर पड़ा है। सरकार और संबंधित विभागों की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। व्यापारिक संगठनों ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल ज्ञापन और आश्वासन का दौर खत्म हो चुका है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो व्यापारी वर्ग सड़क से सदन तक संघर्ष करेगा।”
राजेश गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष, चैंबर ऑफ कॉमर्स का बयान:
“यह केवल सड़क धंसान का मामला नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता का जीता-जागता उदाहरण है। जनता रोज परेशान हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंख मूंदकर बैठे हैं। अब पूरा व्यापारिक समाज और आम जनता एकजुट होकर निर्णायक आंदोलन करेगी। 09 मई का आमरण अनशन जेआरडीए सरकार को जगाने का नैतिक प्रयास होगा।” समस्या समाधान के लिए सभी व्यापारी, क्षेत्र के छात्र, मजदूर, महिलाएं एवं आमजन विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में अब निर्णायक आंदोलन के मूड में है।
बैठक में मुख्य रूप से धनबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव अजय नारायण लाल, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला चैंबर के प्रेम गंगेसरिया, लोकेश अग्रवाल, श्रवण सिन्हा, केंदुआपुल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रंजीत मधेशिया, सचिव राजेश मधेशिया, कोषाध्यक्ष उपेंद्र श्रीवास्तव, छाताटांड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष पंकज भुवानियां, सचिव मोनू वर्मा, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार साव, लोयाबाद चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव सुनील पांडेय, कोषाध्यक्ष विजय सतमालिका, पुटकी चैंबर ऑफ कॉमर्स के केदार लाल वर्णवाल, चांद मियां, नीरज गुप्ता, हर्ष कुमार, बैंक मोड़ चैंबर के संदीप मुखर्जी सहित विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को निर्णायक चरण तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

