धनबाद में एयरपोर्ट हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विशाल धरना एवं पदयात्रा…

धनबाद में एयरपोर्ट हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विशाल धरना एवं पदयात्रा…

सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में उमड़ा जनसैलाब, एयरपोर्ट निर्माण की मांग हुई और तेज

धनबाद(DHANBAD): धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर चल रहा जनआंदोलन अब निर्णायक रूप लेता दिख रहा है। शुक्रवार को रणधीर वर्मा चौक पर सांसद ढुलू महतो के नेतृत्व में आयोजित विशाल धरना एवं पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ भारी संख्या में आमजन की भागीदारी रही। सभी ने एक स्वर में राज्य सरकार से एयरपोर्ट निर्माण हेतु अविलंब भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञात हो कि धनबाद, झारखंड का एक प्रमुख औद्योगिक एवं शैक्षणिक केंद्र होने के बावजूद एयर कनेक्टिविटी से वंचित है, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस दिशा में सांसद ढुलू महतो लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई का आग्रह किया है। केंद्र सरकार परियोजना को लेकर सकारात्मक है, किंतु राज्य सरकार द्वारा भूमि उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण यह कार्य लंबित है।

धरना को संबोधित करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की जनता अब अपने अधिकार के लिए सड़कों पर उतर चुकी है। एयरपोर्ट निर्माण अब केवल मांग नहीं, बल्कि जनअधिकार का विषय बन चुका है। केंद्र सरकार तैयार है, लेकिन राज्य सरकार की उदासीनता के कारण यह परियोजना रुकी हुई है। यदि शीघ्र भूमि उपलब्ध नहीं कराई गई, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

पूर्व सांसद पी एन सिंह ने कहा, कि धनबाद जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में एयरपोर्ट का अभाव दुर्भाग्यपूर्ण है। यह केवल सुविधा का विषय नहीं, बल्कि क्षेत्रीय विकास और रोजगार सृजन से जुड़ा मुद्दा है। राज्य सरकार को जनता की भावना का सम्मान करते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा, कि धनबाद की जनता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुकी है। यदि सरकार अब भी इस मुद्दे को नजरअंदाज करती है, तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा। हम हर स्तर पर इस लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि धनबाद के समग्र विकास के लिए एयर कनेक्टिविटी अत्यंत आवश्यक है। आज का जनसमूह राज्य सरकार को स्पष्ट संदेश देता है कि अब देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्रामीण जिला अध्यक्ष मोहन कुम्भकार ने कहा कि गांव-गांव से लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि एयरपोर्ट की आवश्यकता हर वर्ग महसूस कर रहा है। यह जनआवाज अब दबने वाली नहीं है।

धरने के माध्यम से जनसमूह ने एकजुट होकर राज्य सरकार के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद की और एयरपोर्ट निर्माण हेतु अविलंब भूमि उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। उपस्थित लोगों ने स्पष्ट संदेश दिया कि धनबाद जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र को अब एयर कनेक्टिविटी से वंचित नहीं रखा जा सकता।

जनता का यह व्यापक समर्थन दर्शाता है कि एयरपोर्ट अब केवल एक परियोजना नहीं, बल्कि धनबाद के विकास और अधिकार से जुड़ा सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। यदि शीघ्र सकारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह आंदोलन और अधिक व्यापक एवं प्रभावी रूप लेगा।
कार्यक्रम का संचालन सांसद प्रतिनिधि नितिन भट्ट तथा धन्यवाद ज्ञापन वीरू आनंद सिंह ने किया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ,ज्ञान रंजन सिंहा,सत्येंद्र कुमार,घनश्याम ग्रोवर, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव अग्रवाल,तारा देवी, डॉ निर्मल ड्रोलिया, प्रोफेसर रमेश शर्मा राजकुमार अग्रवाल,योगेंद्र यादव,चेतन गोयंका,दीपक पोद्दार,केशव हड़ोदिया,डब्लू बावरी,जयप्रकाश सिंह,राजेश गुप्ता,अजय नारायण लाल,देवाशीष पाल,कौशल सिंह ,जगदीश रवानी,प्रेम महतो,मानस प्रसून,रूपेश सिंहा,अजय निषाद, संजय झा,मुकेश यादव,धनेश्वर महतो,महेश पासवान,लोकेश अग्रवाल,यमेश त्रिवेदी,दीपेश चंचनी,प्रमोद गोयल, मदुरेन्द्र गोस्वामी,धीरज मिश्रा,विजय शर्मा, सुरेश दास, कैलाश गुप्ता,शशि प्रकाश,सुरेंद्र यादव, सुनील चौधरी,विभा सिंह,नीतू शंकर अंजली सिंहा, दीपा दास,गीता सिंह,रंजन गुप्ता, बंटी बर्णवाल,गुरमीत सिंह,चुन्ना सिंह,रामजी मिश्रा सहित हजारों की संख्या में आम जनता उपस्थित थे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के अनेकों जिला पदाधिकारी तथा सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित थे

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *