धनबाद मंडल कारा में विचाराधीन कैदी की मौत, पत्नी हत्या मामले में था जेल में बंद…

धनबाद मंडल कारा में विचाराधीन कैदी की मौत, पत्नी हत्या मामले में था जेल में बंद…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद मंडल कारा में बंद एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गोविंदपुर थाना क्षेत्र के संग्रामडीह निवासी 27 वर्षीय जीतन रजवार के रूप में हुई है। जीतन अपनी पत्नी संजोती देवी की हत्या के आरोप में 16 मई से जेल में बंद था।

बताया जा रहा है कि जेल भेजे जाने के दिन ही उसकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए धनबाद सदर अस्पताल ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया था।

वहीं सोमवार देर रात एक बार फिर जीतन रजवार की तबीयत अचानक खराब हो गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। जेल अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद धनबाद उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर पोस्टमार्टम प्रक्रिया की निगरानी के लिए रविन्द्र नाथ ठाकुर को मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। मेडिकल बोर्ड की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मजिस्ट्रेट रविन्द्र नाथ ठाकुर और धनबाद थाना के एसआई जेएल शर्मा ने बताया कि मृतक पहले से किसी बीमारी से ग्रसित था। हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।

दरअसल, 16 मई को जीतन रजवार की पत्नी संजोती देवी का शव घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। संजोती के पिता नरेश रजवार के बयान पर गोविंदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने जीतन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मृतक दंपति का एक चार साल का बेटा भी है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *