नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले दिल्ली की कई अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं।
जिन जगहों को धमकी मिली, उनमें दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत स्थित जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंट का SDM कार्यालय शामिल हैं।
सभी जगहों पर हुई जांच
धमकी मिलने के बाद संबंधित जगहों को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। दमकल की गाड़ियां भी मौके पर भेजी गईं। जांच के दौरान अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और बाद में धमकियों को फर्जी यानी होक्स बताया गया।
हाई कोर्ट में बॉम्ब स्क्वॉड ने की जांच
दिल्ली हाई कोर्ट में बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड और स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे परिसर की जांच की गई। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी एडवोकेट कुनाल मल्होत्रा ने कहा कि धमकी फर्जी लग रही है और स्थिति नियंत्रण में है।
स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। इस धमकी के बाद प्रमुख सरकारी इमारतों, एयरपोर्ट और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है।

