दिल्ली में बढ़ती प्याज की कीमतों से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। महाराष्ट्र के नासिक से 800 टन प्याज लेकर ‘कांदा एक्सप्रेस’ बुधवार को दिल्ली पहुंचेगी। सरकार इस प्याज को बाजार से कम कीमत पर बेचने की तैयारी कर रही है।
सरकारी प्याज 35 रुपये प्रति किलो की दर से उपलब्ध कराया जाएगा। इसे नेफेड, NCCF और केंद्रीय भंडार के स्टोर के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
दिल्ली में अभी 55 रुपये किलो तक बिक रहा प्याज
उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे के मुताबिक, नासिक में रखे प्याज के बफर स्टॉक को रेलवे के जरिए दिल्ली लाया जा रहा है। इसका मकसद बाजार में प्याज की सप्लाई बढ़ाना और कीमतों को नियंत्रित करना है।
फिलहाल दिल्ली में प्याज करीब 55 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। ऐसे में 35 रुपये किलो की सरकारी बिक्री से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
इन शहरों में भी भेजा जा रहा प्याज
दिल्ली के अलावा सरकार चेन्नई, एर्नाकुलम, मदुरै और गुवाहाटी जैसे शहरों में भी रेलवे के जरिए प्याज भेज रही है।
यह प्याज सरकार के बफर स्टॉक से भेजा जा रहा है, ताकि बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़े और कीमतों पर नियंत्रण रखा जा सके।
एक साल में प्याज की कीमत काफी बढ़ी
24 अगस्त को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत करीब 43.53 रुपये प्रति किलो रही। एक साल पहले यह करीब 27.37 रुपये प्रति किलो थी।
इस तरह एक साल में प्याज की औसत खुदरा कीमत में करीब 59 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
शहरों की बात करें तो चेन्नई में प्याज करीब 60 रुपये, दिल्ली में 55 रुपये और कोलकाता में करीब 53 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था।
सरकार के पास है बड़ा बफर स्टॉक
सरकार ने प्याज की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए बफर स्टॉक तैयार किया है। इसी स्टॉक से जरूरत के मुताबिक प्याज अलग-अलग शहरों में भेजा जा रहा है।
2025-26 में ‘कांदा एक्सप्रेस’ के जरिए करीब 88 हजार टन प्याज 16 बड़े शहरों तक पहुंचाया गया था। सरकार ने 2026 के लिए करीब 1.21 लाख टन प्याज का बफर स्टॉक रखा है।
क्यों बढ़ती हैं प्याज की कीमतें?
अगस्त और सितंबर में प्याज की कीमतों में अक्सर उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है। इसकी वजह त्योहारी सीजन में बढ़ती मांग, मौसम, मंडियों में आवक और सप्लाई में बदलाव हो सकते हैं।
सरकार का कहना है कि आने वाले महीनों में घरेलू जरूरत पूरी करने के लिए देश में प्याज की पर्याप्त उपलब्धता है और जरूरत पड़ने पर बफर स्टॉक से और प्याज बाजार में उतारा जाएगा।

