तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोडाड मंडल के डोराकुंटा इलाके के पास एक प्राइवेट ट्रैवल बस कंटेनर लॉरी से टकरा गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
हादसे के समय बस में कुल 43 यात्री सवार थे। यह बस हैदराबाद से विजयवाड़ा जा रही थी।
टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त
जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे हुआ। बस की कंटेनर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को बाहर निकालकर आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतकों में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की वजह की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, बस और कंटेनर के बीच टक्कर के बाद यह हादसा हुआ। दुर्घटना के सही कारण का पता जांच पूरी होने के बाद चलेगा।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और उन्हें हर संभव मदद देने को भी कहा है।

