बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके से बिहार आने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में जन आंदोलन को मजबूत करने के लिए उन्हें जल्द बिहार का दौरा करना चाहिए।
तेज प्रताप यादव ने यह अपील सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए की। यह बयान उस समय आया है, जब CJP ने नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद दिल्ली में अपना आंदोलन खत्म करने का ऐलान किया। अपने पोस्ट में तेज प्रताप यादव ने कहा कि वह अभिजीत दीपके से आग्रह करते हैं कि वे जल्द बिहार आएं और राज्य में लोगों के बीच अपनी बात रखें।

इससे पहले, वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा बुलाए गए बिहार बंद का समर्थन करने के दौरान पुलिस ने तेज प्रताप यादव को हिरासत में लिया था। उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को देखते हुए एक मजबूत जन आंदोलन की जरूरत है।
दीपके का जंतर- मंतर पर वीडियो वायरल
इस बीच, एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें दीपके को जंतर-मंतर पर विरोध-प्रदर्शन में शामिल एक व्यक्ति से यह कहते हुए देखा जा सकता है कि वह पटना जाने का इरादा रखते हैं। पटना में इस सप्ताह की शुरुआत में छात्रों ने कॉजपा के आंदोलन के समर्थन में सड़कों पर उतरकर जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया था।

