तमिलनाडु: तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में ऊथुकुली के पास शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक कार और डीजल टैंकर लॉरी की आमने-सामने की टक्कर में एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक सेलम के स्वामीनाथपुरम इलाके की रहने वाली हेमा, अपने पति मुगिलन, पिता ईश्वरन, मां थिरुमगल, दादी शिवकामी और बच्चों श्रीनिथु और कनिष के साथ पल्लडम इलाके में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गई थीं. अंतिम संस्कार के बाद, वे वापस लौट रहे थे. जैसे ही उनकी कार ऊथुकुली के पास कक्कापल्लम पहुंची, विजयमंगलम से ऊथुकुली की ओर तेज गति से आ रही एक डीजल टैंकर लॉरी ने सामने से टक्कर मार दी.
तेज रफ्तार लॉरी की टक्कर से कार के परखच्चे उड़ गये. इस भयानक हादसे में कार में सवार छह लोगों-मुगिलन, ईश्वरन, थिरुमगल, शिवकामी और बच्चे श्रीनिथु और कनिष की गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हेमा को गंभीर हालत में आस-पास के लोगों ने बाहर निकाला. प्राथमिक उपचार के लिए पास के अस्पताल भेजा. जहां से बेहतर इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में रेफर कर दिया गया. वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. शवों को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने लॉरी चालक की तलाश के लिए जांच भी शुरू कर दी है. बताया जाता है कि हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया है.

