धनबाद(DHANBAD): चाँदमारी मैदान में डुहाटांड निवासी युवक की निर्मम हत्या के विरोध में सोमवार को आक्रोशित परिजनों एवं स्थानीय लोगों ने बारामासिया पुल को जाम कर आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की। घटना की सूचना मिलते ही धनबाद के महापौर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मौके पर महापौर ने सिटी एसपी, धनबाद थाना प्रभारी एवं धनसार थाना प्रभारी से वार्ता कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर छापेमारी की जा रही है तथा 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
महापौर संजीव सिंह ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहयोग एवं अपने स्तर से मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं समर्थक मौजूद रहे। लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
महापौर संजीव सिंह का बयान :
“चाँदमारी मैदान में जिस तरह से एक युवक की निर्मम हत्या हुई है, वह बेहद दुखद और चिंताजनक है। पीड़ित परिवार के साथ हम पूरी मजबूती से खड़े हैं। प्रशासन से स्पष्ट कहा गया है कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी हो और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपराध और अन्याय के खिलाफ हमारी आवाज हमेशा बुलंद रहेगी।”
पुलिस प्रशासन का आश्वासन :
अधिकारियों ने कहा कि मामले में विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी गई है तथा जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

