धनबाद(DHANBAD): झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा संगठन को और अधिक सशक्त, अनुशासित एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए अनुशासन समिति का गठन किया गया है।
गत 3 मई को राँची में आयोजित झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की समीक्षा बैठक में संगठन में अनुशासन व्यवस्था को प्रभावी बनाने हेतु एक अनुशासन समिति गठित करने का प्रस्ताव रखा गया था। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से सम्मेलन के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं धनबाद निवासी कृष्णा अग्रवाल के नाम का प्रस्ताव अनुशासन समिति के सभापति पद हेतु रखा, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
इस संबंध में झारखण्ड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय महामंत्री श्री विनोद कुमार जैन द्वारा औपचारिक पत्र जारी कर श्री कृष्णा अग्रवाल को अनुशासन समिति का सभापति नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें पाँच सदस्यीय समिति का गठन कर शीघ्र प्रांतीय कार्यालय को सूचित करने का दायित्व सौंपा गया है।
कृष्णा अग्रवाल ने प्रांतीय नेतृत्व एवं संगठन के वरिष्ठजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की गरिमा, अनुशासन एवं कार्यसंस्कृति को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग से समिति निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं संगठनहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेगी।
कृष्णा अग्रवाल की नियुक्ति पर धनबाद सहित पूरे झारखण्ड के सामाजिक एवं मारवाड़ी समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

