रांची(RANCHI): झारखंड में पहली बार एक साथ 27 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। इस बड़े सरेंडर को राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है। आत्मसमर्पण करने वालों में 33 लाख रुपये के इनामी उग्रवादी भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सरेंडर करने वाले नक्सलियों ने भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और अन्य सामग्री भी सुरक्षा बलों को सौंपी है। लंबे समय से सक्रिय ये उग्रवादी कई नक्सली घटनाओं में शामिल रहे थे और सुरक्षा एजेंसियों की सूची में वांछित थे।
राज्य पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा लगातार चलाए जा रहे ऑपरेशन, बढ़ते दबाव और सरकार की पुनर्वास नीति के कारण नक्सलियों ने मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया। अधिकारियों ने कहा कि आत्मसमर्पण करने वाले सभी उग्रवादियों को सरकार की पुनर्वास योजना के तहत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस का मानना है कि इतने बड़े पैमाने पर हुआ यह सरेंडर झारखंड में नक्सल नेटवर्क के कमजोर होने का संकेत है। सुरक्षा एजेंसियां अब बाकी सक्रिय उग्रवादियों के खिलाफ भी अभियान तेज करने की तैयारी में हैं।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

