झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन शनिवार, 8 अगस्त को 15वें दिन भी जारी रहा। छात्रों ने कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने 10 अगस्त को विधानसभा घेराव का भी ऐलान किया है। ऐसे में सरकार और छात्रों के बीच होने वाली अगली बातचीत काफी अहम मानी जा रही है।
छात्रों के समर्थन में पहुंची CJP की टीम
प्रदर्शन कर रहे छात्रों को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का भी समर्थन मिला है। शनिवार को CJP का एक प्रतिनिधिमंडल आंदोलन स्थल पर पहुंचा और छात्रों से मुलाकात की। CJP प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जहां भी छात्रों के अधिकारों के साथ अन्याय होगा, पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
सरकार और छात्रों के बीच बातचीत जारी
रांची में छात्रों के आंदोलन को लेकर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के कई दौर हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। रविवार, 9 अगस्त को भी सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच बातचीत होनी है।
शनिवार को सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के 8 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से रांची के स्टेट गेस्ट हाउस में बातचीत की। करीब एक घंटे चली इस बैठक में छात्रों ने विवादित परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की CBI व ED से जांच कराने की मांग रखी।
छात्रों ने भर्ती परीक्षा की व्यवस्था में सुधार की मांग भी सरकार के सामने रखी। बैठक को सकारात्मक बताया गया, लेकिन अभी किसी अंतिम फैसले की जानकारी सामने नहीं आई है।
सरकार ने सुझाव देने के लिए जारी की ईमेल आईडी
इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार के प्रतिनिधियों ने छात्रों के एक गुट से बातचीत की थी। एक घंटे से ज्यादा चली इस बैठक के बाद भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया।
हालांकि, सरकार ने छात्रों से सुझाव लेने के लिए एक ईमेल आईडी जारी की है, ताकि परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सुझाव लिए जा सकें।
वहीं, छात्रों के दूसरे गुट ने भी आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। अब सरकार NSUI, JCM समेत अन्य छात्र संगठनों से भी बातचीत करने की तैयारी कर रही है।
फिलहाल सबकी नजर 9 अगस्त की बातचीत और 10 अगस्त को प्रस्तावित विधानसभा घेराव पर है। अब देखना होगा कि सरकार और छात्रों के बीच सहमति बनती है या आंदोलन आगे भी जारी रहता है।

