बोले — जो व्यक्ति अपने इलाके को रखेगा साफ-सुथरा, उसे किया जाएगा पुरस्कृत
पांडेश्वर(BENGAL): चुनाव जीतने के बाद पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी जनता के बीच सक्रिय नजर आने लगे हैं। गुरुवार को वह बहुला ग्राम इलाके में अपने समर्थकों के साथ पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों से मुलाकात करने के साथ-साथ खुद झाड़ू हाथ में लेकर सफाई अभियान चलाया।
इलाके की सड़कों और आसपास के स्थानों की सफाई करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने स्वच्छता को लेकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति अपने इलाके को साफ-सुथरा रखने का काम करेगा, उसे वह व्यक्तिगत रूप से पुरस्कृत करेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है और जनप्रतिनिधि होने के नाते वह केवल विकास कार्य ही नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता को भी प्राथमिकता देंगे।
जितेंद्र तिवारी ने कहा कि आगामी 10 मई के बाद वह विधिवत रूप से पांडेश्वर विधानसभा की जनता की सेवा में पूरी तरह जुट जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि जनता के सुख-दुख में हमेशा उनके साथ खड़े रहना ही उनकी प्राथमिकता होगी। विधायक के इस अलग अंदाज को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोगों ने उनके इस पहल की सराहना की।
NEWSANP के लिए अतिक रहमान की रिपोर्ट

