गोलीकांड की कहानी संदिग्ध, कोयला खनन वर्चस्व विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला : एसडीपीओ…

गोलीकांड की कहानी संदिग्ध, कोयला खनन वर्चस्व विवाद से जुड़ा हो सकता है मामला : एसडीपीओ…

धनबाद(DHANBAD): तोपचांची थाना क्षेत्र में सोमवार अहले सुबह गोली लगने से घायल हुए युवक के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में मामला छिनतई या सड़क अपराध से अधिक कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायल रवि बख्श राय का इलाज शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में चल रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल, तोपचांची थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि घटना में तीन राउंड फायरिंग हुई, जिसमें दो गोलियां रवि बख्श राय के दोनों पैरों में लगीं।

एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल ने बताया कि घायल रवि बख्श राय बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र के अटारी गांव का रहने वाला है। सूचना मिली थी कि तोपचांची थाना क्षेत्र में जीटी रोड किनारे एक व्यक्ति गोली लगने से घायल अवस्था में पड़ा है। पूछताछ के दौरान घायल ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने उसे गोली मार दी, जबकि उसके साथ मौजूद दिवाकर सिंह से पूछताछ में अलग तथ्य सामने आए।

एसडीपीओ ने कहा कि जांच में यह बात सामने आई है कि दुग्दा थाना क्षेत्र में कोयला खनन से जुड़े वर्चस्व विवाद के दौरान फायरिंग की घटना हुई थी। इसके बाद घायल को इलाज के लिए धनबाद लाया गया और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तोपचांची क्षेत्र में गोलीकांड की कहानी बताई गई। उन्होंने कहा कि घटनास्थल की जांच में न तो खून के निशान मिले और न ही कोई खोखा बरामद हुआ, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।

पुलिस के अनुसार घायल रवि बख्श राय ने दावा किया है कि वह अपने मित्र के साथ पल्सर एनएस बाइक से देवघर जा रहा था, तभी तोपचांची बाजार के पास दो बाइक सवार अपराधियों ने छिनतई के इरादे से गोली चला दी और उसकी बाइक लेकर फरार हो गए। हालांकि पुलिस इस बयान की भी जांच कर रही है।

एसडीपीओ ने कहा कि पूरे मामले की जांच के लिए पुलिस दुग्दा थाना क्षेत्र जाकर वास्तविक घटनास्थल का निरीक्षण करेगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना की वास्तविकता सामने लाई जाएगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *