दिल्ली में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें कारोबारी की पत्नी सपना जैन और गोगी गैंग का कथित सदस्य रजत शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के लिए अमेरिका से फोन करवाया गया था। इस पूरी साजिश में रजत ने स्थानीय स्तर पर मदद की थी। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से सपना जैन और गोगी गैंग के सदस्य के बीच आपत्तिजनक चैट भी मिली है।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित लक्ष्मी नगर का थोक व्यापारी है, जिसे 14 जून 2026 से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से धमकी भरे कॉल और मैसेज मिलने लगे थे. कॉल करने वाले ने खुद को गोगी गैंग का सदस्य बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने व्यापारी की दुकान और घर की तस्वीरें व लोकेशन भी भेजी थीं।
50 लाख की रंगदारी मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित कारोबारी के मुताबिक, मुझे 14 तारीख को एक फोन आया मुझे धमकी दी गई और 50 लाख की रंगदारी मांगी गई। ये कहा गया कि गोगी गैंग से बोल रहा है। पहले तो मैं काफी डर गया फिर दोबारा उसका फोन आया मैंने उठाया नहीं और अगले दिन मैंने इस बात की जानकारी दिल्ली स्पेशल सेल को दी।
पीड़ित ने बताया, ‘पुलिस को जानकारी देने के बाद दोबारा मुझे फोन आया वो लगातार मेरी हर एक एक्टिविटी बता रहा था घर से निकलने का टाइम मेरी स्कूटी का नंबर सब उसने मेरे बच्चों को भी जान से मारने की धमकी दी। मैं फिर काफी डर गया।’ मुझे पुलिस प्रोटेक्शन भी दी गई बाद में पुलिस ने बताया कि उन्होंने सोनीपत से एक लड़के को गिरफ्तार किया है वह लड़का मेरी साली का दोस्त है फिर दो दिन बाद मेरी बीवी की गिरफ्तारी हुई तब मुझे पता चला कि मेरी बीवी और उसकी बहन और उसके दोस्त ने मिलकर यह सब किया है।
पीड़ित कारोबारी ने बताया, ‘एक डेढ़ महीने से मेरी बीवी से मेरी कोई बोलचाल नहीं थी। वह अपनी बहन के घर गई हुई थी वहीं से उसकी गिरफ्तारी हुई है सोनीपत से। मैंने उससे पूछने की कोशिश की लेकिन आखिरी बार हमारी बात नहीं हुई कि उसने ऐसा क्यों किया। मेरा मानना है कि इसमें मेरी बीवी मास्टरमाइंड नहीं होगी उसकी बहन ने उससे यह करवाया है।
स्पेशल सेल की तकनीकी जांच में हुआ बड़ा खुलासा
मामले में 18 जून 2026 को लक्ष्मी नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई, जिसे बाद में जांच के लिए स्पेशल सेल, न्यू दिल्ली रेंज को सौंप दिया गया। तकनीकी जांच और मुखबिरों की सूचना के आधार पर 25 जून 2026 को हरियाणा के सोनीपत से आरोपी रजत को गिरफ्तार किया गया। जांच में खुलासा हुआ कि रजत एक तरफ अमेरिका में बैठे कथित रंगदारी गिरोह के संपर्क में था, वहीं दूसरी ओर पीड़ित की पत्नी और उसकी साली से लगातार संपर्क में था।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में रजत ने कबूल किया कि सपना जैन ने अपने पति से रंगदारी वसूलने, सास की हत्या और पति पर हमला कराने की साजिश रची थी। पुलिस का दावा है कि सपना जैन अपने पति की आवाजाही और गतिविधियों की जानकारी भी रजत को उपलब्ध कराती थी। जांच में सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और सास बेटे का पक्ष लेती थीं। आरोपी रजत के गोगी गैंग के कई सदस्यों और जेल में बंद गैंगस्टर रोहित मोई से संपर्क होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, रजत का पहले से स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

