कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार रात एक बड़ा हादसा होने से बच गया। कुआलालंपुर से कोलकाता आ रही मलेशिया एयरलाइंस की फ्लाइट MH-184 के पायलट का ध्यान लैंडिंग से ठीक पहले तेज लेजर लाइट की वजह से भटक गया। इस विमान में कुल 159 यात्री सवार थे। फ्लाइट को रात करीब 11:20 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पर लैंड करना था।
कॉकपिट पर डाली गई तेज लेजर लाइट
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, जब विमान रनवे से करीब 8 नॉटिकल मील दूर था, तभी मध्यमग्राम-बारासात की दिशा से कॉकपिट की ओर तेज लेजर लाइट डाली गई।
अचानक आई तेज रोशनी से पायलट की नजर प्रभावित हुई और वह कुछ पल के लिए भ्रमित हो गए। सुरक्षा को देखते हुए विमान की लैंडिंग तुरंत नहीं कराई गई और उसे कुछ देर आसमान में चक्कर लगाना पड़ा।
5 मिनट बाद सुरक्षित उतरा विमान
पायलट ने स्थिति संभालने के बाद दोबारा लैंडिंग की कोशिश की। करीब 5 मिनट की देरी के बाद फ्लाइट रात करीब 11:25 बजे कोलकाता एयरपोर्ट के रनवे पर सुरक्षित उतर गई।
विमान में सवार सभी 159 यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित बताए गए हैं। हालांकि, लैंडिंग के दौरान कॉकपिट पर लेजर लाइट डालने की घटना ने विमान की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
एयरलाइन ने एयरपोर्ट अधिकारियों को दी जानकारी
इस घटना के बाद एयरलाइन ने एयरपोर्ट के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. इसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट के अधिकारियों ने NSCBI एयरपोर्ट पुलिस थाने में मामले की शिकायत भी दर्ज कराई.
सूत्रों के मुताबिक, कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर विक्रम सिंह ने कहा, ‘एयरपोर्ट के आसपास लेजर लाइट का इस्तेमाल करना मना है, लेकिन कभी-कभी ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, जो विमानों के संचालन पर प्रभाव डाल सकती है. उन्होंने कहा कि पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और वे इसकी जांच कर रहे हैं.

