दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सोमवार (27 जुलाई 2026) को लोकसभा में विपक्षी सांसदों ने जोरदार हंगामा किया। इस दौरान नारेबाजी भी हुई। इस मुद्दे पर बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने विपक्ष पर निशाना साधा।
मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि विपक्ष ने तय कर लिया है कि वह संसद की कार्यवाही नहीं चलने देगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा सुधार से जुड़ा महत्वपूर्ण विधेयक पेश किया गया, लेकिन विपक्ष ने उसका भी विरोध किया।
कंगना ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि शिक्षा सुधार जैसे अहम मुद्दे का विरोध करना सही नहीं है। उनके मुताबिक, विपक्ष नहीं चाहता कि देश में विकास के काम आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जनता ने विपक्ष को सरकार चलाने का जनादेश नहीं दिया, इसलिए वह संसद में लगातार हंगामा कर रहा है।
कंगना ने प्रधानमंत्री मोदी की भी तारीफ की
बीजेपी सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश के लोगों और युवाओं के भविष्य को लेकर गंभीर हैं। कंगना के अनुसार, परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए सरकार ने एक उच्च स्तरीय टास्क फोर्स बनाई है। इसके साथ ही परीक्षाओं से जुड़े कानून में बदलाव के लिए संशोधन विधेयक भी लाया गया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार की शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाने की प्रतिबद्धता को दिखाता है।
‘खिसयानी बिल्ली खम्मा नोचे’ वाला काम कर रहे हैं राहुल गांधी
कंगना रनौत ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इस समय ‘खिसयानी बिल्ली खम्मा नोचे’ वाला काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी को यह देखना चाहिए कि यूपीए सरकार के समय शिक्षा का बजट कितना था. उस समय शिक्षा के लिए केवल नाममात्र का बजट रखा जाता था.’ कंगना ने संसद में अपने सोशल मीडिया के माध्यम से GEN-Z के विरोध प्रदर्शन और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने वाले वीडियो पर भी रिएक्ट किया.
GEN-Z प्रदर्शन पर कंगना का बयान
बीजेपी सासंद कंगना ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरीज सेक्शन पर लिखा, ‘मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी एक जगह पर इतनी नकारात्मकता और बदसूरती नहीं देखी. GEN-Z के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी ये रील्स देखकर बहुत बुरा लग रहा है. जिस तरह से लोग बात कर रहे हैं और जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह मुझे बहुत आपत्तिजनक और असभ्य लग रही है. मैंने अपने जीवन में कभी भी हर फ्रेम में एक साथ इतना अटपटा और इतना भद्दा कुछ नहीं देखा. इन्हें किसने जन्म दिया और पाल-पोस रहा है?’
उन्होंने कहा, ‘मुझे समझ नहीं आता कि लोग इस तरह की सोच और व्यवहार कहां से सीख रहे हैं.’ उन्होंने बताया कि वे खुद की शांति के लिए सोशल मीडिया से दूर रहेंगी. उन्होंने लिखा, ‘भारत हमेशा से विविधता, सुंदरता, संस्कृति और शालीनता के लिए जाना जाता है, लेकिन जब लोग खुद को अपमानजनक नामों से पुकारते हैं और उसी तरह का व्यवहार करते हैं तो यह हमारी संस्कृति की गरिमा से बिल्कुल अलग दिखाई देता है.’

