DESK: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले युवक को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले की पुष्टि गया के एसएसपी सुशील कुमार ने की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने एक वीडियो जारी कर मंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था। वीडियो में उसने खुलेआम हमला करने की धमकी भी दी थी। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
बताया जा रहा है कि युवक ने धमकी देते हुए कहा था कि “समधिनिया पर हुआ है और तोहरो पर होगा”, जिससे मामला और गंभीर हो गया।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में मंत्री की समधन ज्योति मांझी पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा हमला किए जाने की खबरें आई थीं। इसके बाद मंत्री ने मोहनपुर थाने के एक दारोगा को सात दिनों के भीतर हटाने का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि कार्रवाई नहीं होने पर वे डीएम और एसपी आवास का घेराव करेंगे।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

