केंदुआडीह आंदोलन को मिली बड़ी सफलता: उच्चस्तरीय बैठक के आश्वासन पर राज सिन्हा ने धरना स्थगित किया…

केंदुआडीह आंदोलन को मिली बड़ी सफलता: उच्चस्तरीय बैठक के आश्वासन पर राज सिन्हा ने धरना स्थगित किया…

धनबाद(DHANBAD): केंदुआडीह में भू-धंसान, गैस रिसाव एवं धनबाद-बोकारो मुख्य सड़क की समस्या के समाधान को लेकर चल रहे जनआंदोलन को आज महत्वपूर्ण सफलता मिली। धरना स्थल पर धनबाद उपायुक्त की ओर से पुटकी के अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पहुंचकर विधायक राज सिन्हा को आधिकारिक पत्र सौंपा। पत्र में सूचित किया गया है कि आगामी 02 मई को समस्या के स्थायी समाधान के लिए एक उच्चस्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ माइंस सेफ्टी (DGMS) द्वारा तैयार केंदुआडीह भू-धंसान क्षेत्र की विस्तृत तकनीकी जांच रिपोर्ट के आधार पर विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि वैज्ञानिक एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

इस महत्वपूर्ण बैठक में धनबाद जिले के सभी जनप्रतिनिधि, प्रभावित क्षेत्र के प्रतिनिधि, बीसीसीएल (BCCL) के सीएमडी एवं वरीय पदाधिकारी, धनबाद उपायुक्त, पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित जिला प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जनहित एवं क्षेत्रवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए विधायक राज सिन्हा ने प्रशासन की इस सकारात्मक पहल का स्वागत किया तथा आगामी बैठक तक चल रहे धरना कार्यक्रम को स्थगित करने की घोषणा की।

इस अवसर पर विधायक ने केंदुआडीह क्षेत्र की जागरूक जनता, व्यापारियों, चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों, भाजपा परिवार के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आंदोलन को दिन-रात समर्थन देने वाले प्रत्येक नागरिक के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह संघर्ष केवल सड़क या भू-धंसान का नहीं, बल्कि आम जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों का संघर्ष है। जब तक केंदुआडीह की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *