भोपाल में चल रहे किसान आंदोलन के बीच मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने किसानों के हित में तीन बड़े फैसले लिए हैं। इसकी जानकारी राज्य के कृषि मंत्री एंदल कंसाना ने दी।
मंत्री ने बताया कि पहले केंद्र सरकार की योजना के तहत किसानों से 25 फीसदी मूंग की खरीद की जाती थी। अब मध्य प्रदेश सरकार ने इसे बढ़ाकर 60 फीसदी करने का फैसला लिया है। यानी अब राज्य सरकार पहले से अधिक मात्रा में किसानों से मूंग खरीदेगी।
इसके अलावा, किसानों को राहत देते हुए स्लॉट बुकिंग की अंतिम तारीख 10 दिन बढ़ा दी गई है। अब किसान 10 अगस्त की जगह 20 अगस्त तक स्लॉट बुक कर सकेंगे।
कृषि मंत्री ने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था में किसानों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इसे देखते हुए सरकार ने सुधार होने तक ई-टोकन के जरिए खाद्यान्न वितरण की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का फैसला लिया है।
सरकार का कहना है कि किसानों की समस्याओं को दूर करने और खरीद प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए आगे भी जरूरी सुधार किए जाएंगे।
वहीं, सरकार की घोषणा के बाद किसान संगठनों में आपस में ही सहमति नहीं बन सकी. आधे किसान संगठन सरकार के फैसले से सहमत हैं तो आधे किसान संगठन सरकार के फैसले से असहमत हैं. किसान फिलहाल बाण गंगा चौराहे पर प्रदर्शन करने पहुंचे. पुलिस ने डंपर के जरिए किसानों को रोका.
सरकार के फैसले के बाद मुख्यमंत्री आवास के करीब 1 किलोमीटर दूर आंदोलनकारी किसान नारेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं. किसानों की सुनवाई करने के लिए बनाई गई चार मंत्रियों की समिति 16 अलग-अलग किसान संगठनों के नेताओं से मिली. फिर भी किसान सीएम आवास की तरफ कूच करना चाहते हैं और आगे बढ़ना चाहते हैं. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी माइक से अनाउंसमेंट करके प्रदर्शनकारी किसानों को समझा रहे हैं.

