भोपाल: AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को भोपाल पहुंचेंगे। उनके दौरे से पहले ही मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी ने पुलिस और प्रशासन को पत्र लिखकर ओवैसी के कार्यक्रम को अनुमति नहीं देने की मांग की है।
कमेटी ने आशंका जताई है कि अगर ओवैसी के भाषण में आपत्तिजनक या भड़काऊ बातें होती हैं, तो शहर का माहौल खराब हो सकता है। पत्र में यह भी कहा गया है कि फिलहाल गणेश चतुर्थी समेत कई हिंदू त्योहार चल रहे हैं, इसलिए कार्यक्रम को मंजूरी नहीं दी जानी चाहिए।
मुस्लिम त्योहार कमेटी में भी मतभेद
हालांकि, ओवैसी के विरोध को लेकर मुस्लिम त्योहार कमेटी में ही अलग-अलग राय सामने आई है। कमेटी के संरक्षक शमसुल उल हसन बल्ली ने कार्यक्रम रद्द करने की मांग का विरोध किया है।
उनका कहना है कि किसी नेता के भोपाल आने से पहले ही उसका विरोध करना सही नहीं है। अगर ओवैसी यहां आकर कोई भड़काऊ बयान देते हैं, तो उसके खिलाफ आवाज उठाई जाएगी।
AIMIM के पूर्व नेता ने भी साधा निशाना
AIMIM के पूर्व नेता पीरजादा तौकीर निजामी ने भी ओवैसी के दौरे पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि AIMIM की राजनीति सिर्फ वोट काटने तक सीमित है।
उनका दावा है कि पार्टी कई सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारती, लेकिन कुछ जगहों पर मुस्लिम वोटों को प्रभावित करके किसी खास राजनीतिक दल को फायदा पहुंचाती है।
बीजेपी ने ओवैसी पर लगाया नफरत की राजनीति का आरोप
बीजेपी ने ओवैसी के विरोध में सामने आए मुस्लिम समाज के लोगों का समर्थन किया है। बीजेपी प्रवक्ता धैर्यवर्धन शर्मा ने ओवैसी पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाया।
कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि ओवैसी भोपाल आ सकते हैं, लेकिन उन्हें ऐसा कोई काम नहीं करना चाहिए जिससे समाज में नफरत या तनाव बढ़े।
कांग्रेस ने बताया बीजेपी की ‘बी टीम’
कांग्रेस ने भी ओवैसी के दौरे को लेकर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बरोलिया ने आरोप लगाया कि ओवैसी अब बीजेपी की ‘बी टीम’ के रूप में सामने आ चुके हैं।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में ओवैसी की राजनीति की कोई जरूरत नहीं है।
AIMIM बोली- दौरे पर कोई असर नहीं पड़ेगा
AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली ने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी भोपाल में UCC के मुद्दे पर अपनी बात रखने आ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास के नाम पर मुस्लिमों के घर, मस्जिद, मदरसे और कब्रिस्तान तोड़े जा रहे हैं। उनका कहना है कि ओवैसी भोपाल में इन मुद्दों को उठाएंगे और विरोध के बावजूद उनका दौरा जारी रहेगा।

