महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026: ऑस्ट्रेलिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। मंगलवार (30 जून) को खेले गए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। टीम ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। बता दें कि यह 10वें महिला टी20 वर्ल्ड कप का सीजन है और ऑस्ट्रेलिया का यह आठवां सेमीफाइनल था।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसल किया, जो बिल्कुल सही साबित हुआ. पहले बैटिंग के लिए उतरी वेस्टइंडीज को कंगारू गेंदबाजों ने 20 ओवर में 7 विकेट पर सिर्फ 125 रन पर रोक दिया. टीम के लिए कप्तान और ओपनर हीली मैथ्यूज ने 30 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली. वहीं ऑस्ट्रेलिया के लिए सोफी मोलिनक्स, एश्ले गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए.
चेज के लिए उतरी ऑस्ट्रेलिया ने 13 ओवर में 2 विकेट पर 127 रन बनाकर जीत अपने नाम कर ली. चेज में टीम के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज बेथ मूनी ने शानदार पारी खेलते हुए 36 गेंदों में 8 चौके लगाकर 61* रन स्कोर किए.
बेथ मूनी ने एश्ले गार्डनर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 36 गेंदों में 63* रनों की साझेदारी की, जिसने आसानी से टीम को जीत की लाइन पार करवा दी. इस दौरान वेस्टइंडीज के लिए कप्तान हीली मैथ्यूज और चिनेल हेनरी ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.
ऑस्ट्रेलिया का दिखा शानदार प्रदर्शन
विश्व कप के फाइनल तक पहुंचने के लिए ऑस्ट्रेलिया ने एक भी मैच नहीं गंवाया. टीम ने पहले ग्रुप चरण के पांचों मैच जीते और सेमीफाइनल में जगह बनाई. अब सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर फाइनल में जगह बना ली. ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला मैच 65 रन से जीता. दूसरे मुकाबले में कंगारू टीम ने बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया. तीसरे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने नीदरलैंड्स खिलाफ 98 रनों से जीत दर्ज की. आगे बढ़ते हुए चौथे मैच में पाकिस्तान को 113 रन से हराया. पांचवें और ग्रुप चरण के आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से शिकस्त दी.

