एयर इंडिया की एक फ्लाइट से जुड़े मामले में नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, 4 अगस्त को फुकेट से दिल्ली रवाना होने से पहले ही एक क्रू मेंबर ने पायलट के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में पायलट पर गांजा पीने का आरोप लगाया गया था।
सीट को लेकर हुई थी बहस
बताया जा रहा है कि विवाद दिल्ली से फुकेट जाने वाली फ्लाइट के दौरान शुरू हुआ था। सीट से जुड़े प्रोटोकॉल को लेकर पायलट और एक केबिन क्रू सदस्य के बीच बहस हुई थी। फुकेट पहुंचने के बाद भी दोनों के बीच तनाव बना रहा।
उड़ान के दौरान अचानक 300 फीट नीचे आया विमान
फुकेट से दिल्ली लौटते समय विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे आ गया। इसी दौरान मुख्य पायलट के कॉकपिट के फर्श पर पड़े होने की बात सामने आई है।
बाद में पायलट कॉकपिट में लौटे और यात्रियों का हालचाल लिया। सूत्रों के अनुसार, क्रू को इस घटना के बारे में यात्रियों से चर्चा नहीं करने के लिए कहा गया था।
दिल्ली पहुंचने के बाद भी पायलट की हालत पर सवाल
दिल्ली में विमान उतरने के बाद पायलट की स्थिति को लेकर भी सवाल उठे। सूत्रों के मुताबिक, वह ठीक से खड़े नहीं हो पा रहे थे। जांच के दौरान यूरिन सैंपल देने के लिए अधिकारियों को उन्हें सहारा देना पड़ा।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि उड़ान के दौरान पायलट की वास्तविक स्थिति क्या थी और विमान अचानक 300 फीट नीचे क्यों आया।

