एयरपोर्ट के लिए घमासान : सांसद के आरोप को विधायक अरूप ने किया खारिज, केंद्र पर फोड़ा ठीकरा…

एयरपोर्ट के लिए घमासान : सांसद के आरोप को विधायक अरूप ने किया खारिज, केंद्र पर फोड़ा ठीकरा…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद में लंबे समय से लंबित एयरपोर्ट निर्माण की मांग अब सियासी घमासान का केंद्र बन गई है। इस मुद्दे पर सांसद ढुल्लू महतो द्वारा राज्य सरकार पर लगाए गए आरोपों पर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे पूरी तरह तथ्यहीन करार दिया है। शुक्रवार को सांसद ढुल्लू महतो के नेतृत्व में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें सांसद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की हठधर्मिता और जमीन उपलब्ध न कराने के कारण ही धनबाद में एयरपोर्ट का सपना साकार नहीं हो पा रहा है।

इन आरोपों का खंडन करते हुए निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि यह बयान पूरी तरह भ्रामक और जनता को गुमराह करने वाला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की ओर से बीते कई वर्षों में एयरपोर्ट निर्माण को लेकर राज्य सरकार को कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। विधायक ने पुरानी प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2017 में मिले प्रस्ताव के बाद विजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की गई थी, जिसे 2018 में विशेषज्ञ टीम ने खारिज कर दिया था। इसके बाद केंद्र की ओर से न तो कोई नई पहल हुई और न ही कोई टीम निरीक्षण के लिए आई।

बोकारो एयरपोर्ट के मामले पर विधायक ने कहा कि वहां निर्माण कार्य केंद्र स्तर पर लंबित पॉल्यूशन क्लियरेंस के कारण रुका है, न कि राज्य सरकार की बाधाओं के कारण। उन्होंने अंत में भरोसा दिलाया कि यदि केंद्र सरकार धनबाद एयरपोर्ट के लिए ठोस पहल करती है, तो राज्य सरकार जमीन देने के लिए पूरी तरह तैयार है। फिलहाल, आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला जारी है और धनबाद की जनता उम्मीद लगाए बैठी है कि जल्द ही यह राजनीतिक खींचतान खत्म होगी और क्षेत्र को हवाई सेवा का लाभ मिल सकेगा।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *