अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच ईरान ने बड़ा और बेहद गंभीर ऐलान किया है। ईरानी सेना ने कहा है कि किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी को पकड़ने या मारने वाले व्यक्ति को 30 हजार डॉलर यानी करीब 5 अरब ईरानी तोमन का इनाम दिया जाएगा। अगर यह काम कोई ईरानी महिला करती है, तो उसे दोगुना इनाम देने की बात कही गई है।
ईरान के सेना प्रमुख ने किया ऐलान
ईरानी सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, सेना प्रमुख अमीर हातमी ने इस इनाम की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने युद्ध में आर्थिक मदद करने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद यह योजना बनाई गई।
हातमी ने कहा कि जो व्यक्ति किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी को पकड़कर ईरानी सेना को सौंपता है या उसे मारता है, उसे 30 हजार डॉलर का इनाम मिलेगा। महिलाओं के लिए यह रकम दोगुनी होगी।
ईरान में अमेरिकी सैनिकों की तैनाती का सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक, मौजूदा संघर्ष के दौरान ईरान की जमीन पर अमेरिकी सैनिकों की कोई बड़ी तैनाती सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई है। इसलिए यह साफ नहीं है कि ईरान की घोषित इनाम योजना व्यवहार में कैसे लागू होगी। सेना प्रमुख ने भी यह नहीं बताया कि अमेरिकी सैनिकों को पकड़ने या मारने की ऐसी स्थिति कहां और कैसे बन सकती है।
होर्मुज को लेकर भी तनाव
अमेरिका और ईरान के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर भी तनाव बना हुआ है। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
ईरानी सेना ने अमेरिका से मध्य पूर्व से बाहर जाने की मांग दोहराई है और कहा है कि अमेरिकी सैन्य जहाजों को फारस की खाड़ी, ओमान की खाड़ी और होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश की अनुमति नहीं है।
इस नए ऐलान के बाद अमेरिका और ईरान के बीच पहले से जारी तनाव और बढ़ने की आशंका है।

