ईरान-अमेरिका डील में पाकिस्तान की एंट्री! शहबाज शरीफ बोले- ‘मेरी मध्यस्थता से बनी सहमति’

ईरान-अमेरिका डील में पाकिस्तान की एंट्री! शहबाज शरीफ बोले- ‘मेरी मध्यस्थता से बनी सहमति’

अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं. डील होने पर पाकिस्तान भी मध्यस्थता का क्रेडिट लेकर अपनी वाहवाही करने में जुटा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ईरानी प्रेसिडेंट मसूद पेजेश्कियान के समझौते पर डिजिटली साइन करने के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का पहला बयान सामने आया है.

पाक पीएम हुए खुश

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि आज अमेरिका और ईरान के बीच ऐतिहासिक ‘इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन’ (MoU) पर डिजिटल हस्ताक्षर किए गए हैं. इस समझौते पर दोनों देशों के राष्ट्रपतियों ने हस्ताक्षर किए हैं और मध्यस्थ के रूप में मैंने भी इस पर अपनी मंजूरी दी है. दोनों सरकारों के सबसे बड़े स्तर पर इस समझौते का होना यह दिखाता है कि दोनों पक्ष विवाद को बातचीत से सुलझाने के लिए कितने गंभीर हैं.’

पाक पीएम ने आगे कहा, ‘इस्लामाबाद समझौता’ तुरंत लागू हो जाएगा. इसके पहले कदम के रूप में ईरान तुरंत ‘हॉर्मुज स्ट्रेट’ को दोबारा खोल देगा और अमेरिका तुरंत अपनी समुद्री नाकेबंदी हटा लेगा. मैं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को बधाई और धन्यवाद देता हूं, जिनकी बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान की जिद ने एक बार फिर ऐसे विवाद को खत्म कर दिया जो पूरे इलाके के लिए बेहद खतरनाक हो सकता था. मैं अमेरिकी बातचीत टीम (जिसमें जे.डी. वेंस, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर शामिल हैं) की मेहनत और लगातार प्रयासों की भी तारीफ करता हूं.’

ईरान को लेकर क्या बोले शहबाज शरीफ?

शहबाज शरीफ ने कहा, ‘मैं ईरान के सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के प्रति सम्मान और आभार जताता हूं, जिन्होंने शांति के रास्ते को चुना. मैं ईरान की बातचीत टीम (जिसमें मोहम्मद बागेर गालिबाफ, अब्बास अराघची और एस्कंदर मोमेनी शामिल हैं) के सब्र और कोशिशों की भी सराहना करता हूं, जिनकी वजह से यह समझौता मुमकिन हो पाया.

‘मैं इस मोड़ तक पहुंचने में कतर देश के नेतृत्व के सच्चे और अच्छे प्रयासों की खास तौर पर तारीफ करता हूं. इसके साथ ही, सऊदी अरब, तुर्की और मिस्र के नेतृत्व को भी इस काम में उनके जरूरी  योगदान के लिए धन्यवाद देता हूं. मैं फील्ड मार्शल आसिम मुनीर का भी खासतौर से जिक्र करना चाहूंगा, जिनकी कड़ी मेहनत और अहम भूमिका इस बड़ी कामयाबी को हासिल करने और क्षेत्र में शांति व स्थिरता लाने के लिए बहुत जरूरी थी. उम्मीद है कि यह समझौता पूरे क्षेत्र में आपसी सम्मान, बेहतर समझ और खुशहाली की एक मजबूत नींव बनेगा.’

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *