जकार्ता: इंडोनेशिया में शनिवार को एक बार फिर तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरी सुमात्रा में आए इस भूकंप की तीव्रता 6.8 बताई गई है। यह भूकंप कुछ घंटे पहले पूर्वी इंडोनेशिया में आए 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के बाद आया, जिसमें कम से कम 38 लोगों की मौत हुई है।
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, उत्तरी सुमात्रा में आए ताजा भूकंप की गहराई करीब 158 से 175 किलोमीटर के बीच दर्ज की गई। अलग-अलग एजेंसियों ने इसकी तीव्रता में मामूली अंतर बताया है।
पहले आए भूकंप से भारी नुकसान
शनिवार सुबह इंडोनेशिया के फ्लोरेस क्षेत्र में 7.7 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके बाद कई इलाकों में इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं, भूस्खलन हुआ और बिजली व संचार व्यवस्था प्रभावित हुई। करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। भूकंप के बाद सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई थी, जिसे बाद में वापस ले लिया गया क्योंकि समुद्र के स्तर में कोई बड़ा बदलाव नहीं पाया गया।
अस्पताल और इमारतों को भी नुकसान
भूकंप के झटकों के बाद कुछ इलाकों में अस्पतालों को खाली कराया गया। प्रशासन की टीमें नुकसान का जायजा लेने और राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं। लगातार आए भूकंप और आफ्टरशॉक्स के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों की ओर से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

