भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण रिश्तों का असर दोनों देशों के क्रिकेट और फिल्म इंडस्ट्री पर भी पड़ा है। करीब 10 साल से पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर रोक है। अब पाकिस्तान के मशहूर सिंगर आतिफ असलम ने इस बैन को लेकर अपनी बात रखी है।
VPN और CD के जरिए गाने सुनते हैं भारतीय फैंस
आतिफ असलम हाल ही में शो ‘वन ऑन वन विद क्रिस फेड’ में पहुंचे थे। बातचीत के दौरान उन्होंने भारत में पाकिस्तानी कलाकारों पर लगे बैन का जिक्र किया।
आतिफ ने बताया कि वह पिछले करीब 10 साल से भारत में कोई गाना नहीं कर पाए हैं, लेकिन उनके भारतीय फैंस आज भी उनके गाने सुनते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ फैंस VPN का इस्तेमाल करते हैं और गानों की CD बनाकर एक-दूसरे के साथ शेयर करते हैं।
उन्होंने कहा कि संगीत को जहां पहुंचना होता है, वह वहां पहुंच ही जाता है। आतिफ ने भारतीय फैंस को लेकर कहा कि उन्हें भारत में काम करने की कमी महसूस नहीं होती, लेकिन उन्हें भारतीय फैंस की याद आती है।
भारत में 10 साल से लगा है बैन
आतिफ असलम ने बताया कि भारत में उन पर करीब 10 साल से प्रतिबंध है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के फैसले के बाद दूसरे पाकिस्तानी कलाकारों पर भी रोक लगी और बाद में पाकिस्तान ने भारतीय कलाकारों पर प्रतिबंध लगा दिया।
उरी और पुलवामा हमले के बाद बढ़ा था तनाव
पाकिस्तानी कलाकारों को लेकर विवाद 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद और बढ़ गया था। इसके बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के कार्यक्रमों और काम को लेकर विरोध हुआ।
बाद में 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत में पाकिस्तानी कलाकारों के काम करने पर प्रतिबंध और सख्त हो गया। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी भारतीय कलाकारों के खिलाफ इसी तरह के कदम उठाए।
आतिफ असलम के मशहूर गाने
आतिफ असलम के कई गाने भारत में भी बेहद लोकप्रिय रहे हैं। इनमें ‘तू जाने ना’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘दिल दिया गल्लां’, ‘जीना जीना’ और ‘पहली दफा’ जैसे गाने शामिल हैं।
आतिफ असलम उन पाकिस्तानी सिंगर्स में शामिल हैं जिन्हे भारत में फैंस काफी पसंद करते हैं. बॉलीवुड में उन्होंने अपने सिंगिंग करियर की शुरुआत साल 2005 की फिल्म ‘कलयुग’ के गाने ‘आदत’ से की थी. उन्होंने ‘वो लम्हे’, ‘तेरा होने लगा हूं’, ‘जीने लगा हूं’, ‘तेरे संग यारा’ जैसे गानों से पहचान बनाई है.

