हिंदी और बंगाली फिल्मों के मशहूर अभिनेता और बीजेपी नेता मिथुन चक्रवर्ती को कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सर्जरी के बाद उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
शुभेंदु अधिकारी ने की मुलाकात
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी अस्पताल पहुंचे और मिथुन चक्रवर्ती का हालचाल जाना। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
शुभेंदु अधिकारी ने मुलाकात की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर कीं। तस्वीरों में मिथुन चक्रवर्ती अस्पताल के बिस्तर पर आराम करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जल्द स्वस्थ होने की कामना
सोशल मीडिया पर शुभेंदु अधिकारी ने लिखा कि उन्होंने अस्पताल में मिथुन चक्रवर्ती से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि ‘मिथुन दा’ जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने काम पर लौटें।
सर्जरी की जानकारी पहले नहीं दी गई थी
बताया जा रहा है कि मिथुन चक्रवर्ती की सर्जरी की जानकारी पहले सार्वजनिक नहीं की गई थी। फिलहाल उनकी तबीयत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने खुलासा किया कि मिथुन चक्रवर्ती का गुरुवार रात एक छोटा सा ऑपरेशन हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि अभिनेता इस प्रक्रिया को पूरी तरह से व्यक्तिगत और प्रचार-प्रसार से दूर रखना चाहते थे। इसी वजह से उन्होंने केवल कुछ सीमित पार्टी नेताओं को ही इसकी पूर्व सूचना दी थी।
अधिकारी के अनुसार, मिथुन चक्रवर्ती ने केवल राज्य अध्यक्ष, समिक भट्टाचार्य और उन्हें ही इस बारे में सूचित किया था। वह अपनी बीमारी का किसी भी प्रकार से प्रचार नहीं चाहते थे। डॉक्टरों से चर्चा के बाद अधिकारी ने पुष्टि की कि सर्जरी सफल रही है और उनकी स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है, जिसके बाद उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।
सिनेमा और बंगाल राजनीति में अहम योगदान
अधिकारी ने मिथुन चक्रवर्ती के स्वास्थ्य का हाल साझा करते हुए उनके बहुआयामी व्यक्तित्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मिथुन चक्रवर्ती का परिचय सिर्फ उनकी राजनीतिक पहचान तक सीमित नहीं है, बल्कि वह भारतीय कला और संस्कृति के एक बहुत बड़े स्तंभ हैं।
पश्चिम बंगाल में राष्ट्रवादी विचारों के विस्तार और राजनीतिक बदलाव की दिशा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। डॉक्टरों ने भी स्पष्ट किया है कि अभिनेता की स्थिति स्थिर है और चिंता की कोई बात नहीं है।
आगामी फिल्में और वर्कफ्रंट
काम के मोर्चे पर बात करें तो मिथुन चक्रवर्ती 70 के दशक के उत्तरार्ध से ही लगातार अभिनय की दुनिया में सक्रिय हैं और आज भी कई बड़ी परियोजनाओं का हिस्सा हैं। वर्ष 2025 में वे ‘श्रीमान वर्सेस श्रीमती’, ‘द बंगाल फाइल्स’ और ‘प्रजापति 2’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का जादू बिखेरते नजर आए थे।
आने वाले समय में वे आमिर खान के बैनर तले बन रही और सनी देओल अभिनीत बहुचर्चित फिल्म ‘बटवारा 1947’ में एक विशेष भूमिका में दिखाई देंगे।

