असम में बाढ़ से भारी तबाही, अब तक 100 लोगों की मौत; कई जिले प्रभावित

असम में बाढ़ से भारी तबाही, अब तक 100 लोगों की मौत; कई जिले प्रभावित

असम में लगातार हो रही बारिश और बाढ़ से हालात गंभीर बने हुए हैं। राज्य के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं और अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है।

रविवार को जारी डिजास्टर रिपोर्टिंग एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम (DRIMS) असम की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में 60 पुरुष, 23 महिलाएं और 18 बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 12 लड़के और 6 लड़कियां हैं।

सिवसागर में मौतों का आंकड़ा 49 हुआ

प्रशासन ने सिवसागर जिले में मौतों के आंकड़े में बदलाव किया है। पहले यहां 50 लोगों की मौत बताई गई थी, लेकिन जांच में पता चला कि एक व्यक्ति का नाम गलती से दो बार दर्ज हो गया था। इसके बाद मौतों का आंकड़ा घटाकर 49 कर दिया गया।

कछार और सिवसागर सबसे ज्यादा प्रभावित

बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में सिवसागर और कछार शामिल हैं। सिवसागर में अब तक 49 लोगों की मौत हुई है, जबकि कछार में 22 लोगों की जान गई है। इसके अलावा करीमगंज में 9 और गोलाघाट में 8 लोगों की मौत हुई है। धेमाजी, नगांव, उदालगुड़ी, सोनितपुर और कार्बी आंगलोंग में भी बाढ़ के कारण लोगों की मौत हुई है।

कई राज्यों में भी बारिश का अलर्ट

असम के अलावा देश के कई अन्य हिस्सों में भी मौसम को लेकर चिंता बनी हुई है। दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा बना हुआ है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, बिहार, केरल और गुजरात में भी आने वाले दिनों में मौसम खराब रहने का अनुमान है।

राजधानी में आंधी और बारिश की चेतावनी

बारिश के बाद दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है. हालांकि, हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद अब यमुना का जलस्तर घटने लगा है. यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के लिए फ्लड एंड इरिगेशन विभाग अलर्ट मोड पर है. इस बीच राजधानी में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.

यूपी में कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट 

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. गंगा के बढ़े जलस्तर का असर शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके में भी दिखाई दे रहा है. यहां कई गांवों में गंगा का पानी घुस गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.

बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है. 

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *