गुवाहाटी: असम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति फिर गंभीर हो गई है। कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से 15 जिलों के 3.63 लाख से अधिक लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, रविवार तक 7 जिलों में करीब 57,100 लोग बाढ़ से प्रभावित थे, लेकिन सोमवार तक यह संख्या बढ़कर 15 जिलों में 3.63 लाख से ज्यादा हो गई। सरकार के मुताबिक, इस साल बाढ़ से 5 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल 580 गांव जलमग्न हैं और करीब 10,362.9 हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में आ गई है। बाढ़ के कारण कई इलाकों में सड़कें, पुल, तटबंध और अन्य सरकारी ढांचे भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
ब्रह्मपुत्र नदी नेमाटीघाट में खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जबकि उसकी सहायक नदियां खोवांग में बुरीदिहिंग, शिवसागर में दिखौ, नांगलामुराघाट में दिसांग और नुमालीगढ़ में धनसिरी भी खतरे के स्तर से ऊपर बह रही हैं।
भारतीय सेना को किया गया तैनात
इस बीच, मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने बताया कि ऊपरी असम के कई जिलों में फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय सेना को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राहत और बचाव कार्यों की निगरानी के लिए चार मंत्रियों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है।
गुवाहाटी में बारिश होने की चेतावनी जारी
असम की राजधानी गुवाहाटी में अगले 24 घंटों में शहर में और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। कामरूप मेट्रोपालिटन के जिला आयुक्त स्वप्नील पॉल ने बताया कि कम से कम 5 स्थानों पर भूस्खलन की सूचना मिली है। उन्होंने कहा कि हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की अब तक कोई जानकारी नहीं है।

