अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष झरिया होरलाडीह पहुंचे,दिलशाद अंसारी हत्याकांड की सच्चाई उजागर करने की उठी मांग…

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष झरिया होरलाडीह पहुंचे,दिलशाद अंसारी हत्याकांड की सच्चाई उजागर करने की उठी मांग…

झरिया (JHARIYA)झरिया के मोहम्मद दिलशाद अंसारी हत्याकांड को लेकर बढ़ती जनचिंता के बीच झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान तीन सदस्यीय आयोगी टीम के साथ मंगलवार को होरलाडीह पहुंचे। यहां उन्होंने मृतक दिलशाद अंसारी के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।बताया जाता है कि झामुमो युवा मोर्चा के पूर्व प्रवक्ता एवं एलएलबी छात्र शाहबाज सिद्दीकी द्वारा मामले की गंभीरता से अवगत कराए जाने के बाद अल्पसंख्यक आयोग ने इस हत्याकांड को संज्ञान में लिया। इसी सूचना के आधार पर आयोग अध्यक्ष स्वयं टीम के साथ होरलाडीह पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

परिजनों से बातचीत के दौरान अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि प्रथम दृष्टया इस हत्याकांड को केवल प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे छिपे वास्तविक कारणों का खुलासा होना आवश्यक है, ताकि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों की पहचान कर उन्हें कानून के कठोर दायरे में लाया जा सके।


आयोग अध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र उद्भेदन करने तथा जांच के दौरान किसी भी पहलू की अनदेखी नहीं करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि हत्याकांड की सच्चाई सामने आने के बाद दोषियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।

दौरे के दौरान आयोग की टीम ने स्थानीय लोगों से भी मुलाकात की और घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों ने भी निष्पक्ष जांच और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई।इसके बाद आयोग की टीम धनबाद सर्किट हाउस पहुंची, जहां सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव एवं एसडीएम लोकेश बारंगे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अध्यक्ष का स्वागत किया। सर्किट हाउस में आयोजित बैठक के दौरान आयोग की टीम ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ हत्याकांड की जांच प्रगति की समीक्षा की।

पत्रकारों से बातचीत में अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने बताया कि आयोग ने 2 जून को ही धनबाद के SSP को पत्र भेजकर घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी। उन्होंने कहा कि इस विशेष दौरे का उद्देश्य पीड़ित परिवार की पीड़ा को समझना, स्थानीय लोगों से तथ्य जुटाना और प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर मामले की सच्चाई को सामने लाना है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि अल्पसंख्यक आयोग इस मामले की लगातार निगरानी करेगा और पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा। वहीं शाहबाज सिद्दीकी ने आयोग अध्यक्ष के दौरे को पीड़ित परिवार के लिए न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई…

News ANP के लिए झरिया से प्रियंका की रिपोर्ट..

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *