बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार एक साल में कई फिल्मों में काम करने के लिए जाने जाते हैं। अब उन्होंने अपनी नई फिल्म ‘समुक’ की शूटिंग शुरू कर दी है। यह फिल्म बड़े स्तर पर बनाई जा रही सर्वाइवल-एक्शन थ्रिलर है।
फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। इसे विपुल अमृतलाल शाह प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि आशिन ए. शाह को-प्रोड्यूसर हैं।
एलियन और सर्वाइवल का दिखेगा जबरदस्त कॉम्बिनेशन
‘समुक’ को बड़े स्तर पर पैन-इंडियन थिएट्रिकल रिलीज के लिए तैयार किया जा रहा है। फिल्म पर पिछले दो साल से ज्यादा समय से काम चल रहा है।
फिल्म में मिलिट्री रियलिज्म, सर्वाइवल हॉरर और एलियन मिथोलॉजी को एक साथ दिखाया जाएगा। यानी दर्शकों को एक्शन के साथ डर और एलियन से जुड़ी कहानी भी देखने को मिलेगी।
इंटरनेशनल टीम भी फिल्म से जुड़ी
फिल्म को खास बनाने के लिए मेकर्स ने इंटरनेशनल टैलेंट को भी टीम में शामिल किया है। इनमें एलेक गिलिस का नाम भी शामिल है, जो एकेडमी अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट हो चुके हैं।
उन्होंने ‘एलियन’ और ‘प्रिडेटर’ जैसी फिल्मों पर काम किया है। ‘समुक’ में वह फिल्म के मुख्य मॉन्स्टर को डिजाइन करेंगे।
वहीं ब्रिटिश एक्शन डायरेक्टर ल्यूक टम्बर फिल्म के खतरनाक और इंटेंस एक्शन सीक्वेंस तैयार करेंगे।
विपुल अमृतलाल शाह ने अक्षय की तारीफ की
प्रोड्यूसर विपुल अमृतलाल शाह ने अक्षय कुमार के साथ दोबारा काम करने को लेकर कहा कि दोनों जब भी साथ आते हैं, कुछ नया करने की कोशिश करते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘आंखें’, ‘वक्त’, ‘नमस्ते लंदन’, ‘सिंह इज़ किंग’, ‘एक्शन रिप्ले’ और ‘हॉलिडे’ जैसी फिल्मों में दोनों ने अलग-अलग तरह की कहानियों और शैलियों के साथ काम किया है।
उन्होंने कहा कि ‘समुक’ भी एक अलग तरह की फिल्म है, क्योंकि इसमें एलियन और सर्वाइवल थ्रिलर का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा।
‘हैवान’ में भी नजर आएंगे अक्षय
अक्षय कुमार की आने वाली फिल्मों में ‘हैवान’ भी शामिल है। इस फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय के साथ सैफ अली खान भी नजर आएंगे।
कहानी में सैफ का किरदार देख नहीं सकता। फिल्म में बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
बताया गया है कि अक्षय कुमार और सैफ अली खान करीब 18 साल बाद फिर साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फिल्म को लेकर दोनों के फैंस के बीच काफी उत्साह है।

