DESK:ऑनलाइन खाना मंगाना अब और महंगा हो गया है। ज़ोमैटो ने अपनी प्लेटफॉर्म फीस में करीब 19% की बढ़ोतरी करते हुये इसे ₹12.50 से बढ़ाकर ₹14.90 (GST से पहले) कर दिया है। नई दरें आज यानी 20 मार्च से लागू हो गई हैं। चौंकाने वाली बात ये है कि पिछले 6 महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। 2023 में जो फीस ₹2 से शुरू हुई थी, अब वो ₹15 के करीब पहुंच चुकी है। कंपनी मुनाफा बढ़ाने और बढ़ती लागत को संभालने के लिए यह कदम उठा रही है। मार्केट में स्विगी भी लगभग ₹14.99 फीस ले रहा है, लेकिन इसी बीच रैपिडो ने ‘ओनली’ सर्विस के साथ एंट्री मारकर बिना प्लेटफॉर्म फीस का दावा किया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। इसका सीधा असर ग्राहकों पर पड़ेगा, खासकर छोटे ऑर्डर करने वालों पर। अब ₹200 के खाने पर भी बिल में अलग-अलग चार्ज जुड़कर जेब और हल्की हो जायेगी। वहीं Zomato Gold यूजर्स भी इस फीस से नहीं बचेंगे। यानी, अब हर ऑर्डर के साथ एक छोटा “छुपा खर्च” पक्का है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

